पहाड़ों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। खासकर सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। अब एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी और कई जगहों पर ओले गिर सकते हैं। 20 मार्च को राज्य के अधिकतर जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं मौसम में बदलाव के कारण हरियाणा के कई शहरों में तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले 3 दिनों में तापमान और गिर सकता है। जिससे ठंडक बढ़ेगी और मौसम सुहावना हो जाएगा। मौसम में बदलाव का असर सबसे ज्यादा नारनौल, हिसार, भिवानी और महेंद्रगढ़ में ज्यादा देखने को मिला है। अधिकतम तापमान 0.3°C तक गिरा हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब बना रहा, हालांकि राज्य के औसत अधिकतम तापमान में कल की तुलना में 0.3°C की गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक गर्मी नूह में रही, जहां तापमान 32.3°C तक पहुंच गया। गुरुग्राम में तापमान 32.0°C, पलवल में 32.2°C और अंबाला में 29.7°C रिकॉर्ड किया गया। गौर करने वाली बात यह है कि नारनौल में सामान्य से 5.8°C की भारी गिरावट देखी गई। पूरे राज्य में बारिश शून्य रही, जिससे दिन में शुष्क गर्मी का प्रभाव बना रहा। न्यूनतम तापमान 1.7°C तक गिरा प्रदेश में न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान कल की तुलना में 1.7°C गिरा है, जो सामान्य से 2°C कम है। राज्य का सबसे ठंडा स्थान सिरसा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 10.3°C पर आ गया। हिसार में भी तापमान सामान्य से 4.8°C नीचे गिरकर 11.0°C दर्ज किया गया। तापमान में आई इस गिरावट से राज्य के अधिकांश हिस्सों में रात और सुबह के समय हल्की ठिठुरन महसूस की गई। पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं भी वर्षा नहीं हुई है।
हरियाणा में कल से बारिश के आसार:ओले गिरने की संभावना, 50 KM/H की रफ्तार से चलेगी हवाएं; 10.3°C तक गिरा तापमान
