हरियाणा में मार्च के बीच ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान में गुरुवार को औसतन 0.3°C की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से करीब 5°C ज्यादा बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने 14 मार्च से प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान 36.7°C पलवल वाटर सर्विस डिवीजन में दर्ज किया गया। वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 32.9°C और न्यूनतम तापमान 18.3°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 मार्च से बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस बदलाव से दिन के तापमान में कुछ और गिरावट आ सकती है, जिससे मार्च की शुरुआत में महसूस हो रही तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। दो दिन ऐसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 15 मार्च को चेतावनी का दायरा बढ़कर उत्तरी और पूर्वी जिलों तक पहुंच सकता है। अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। रात के तापमान में बढ़ोतरी प्रदेश में गुरुवार को औसत न्यूनतम तापमान में 0.9°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह सामान्य से करीब 4.5°C अधिक रहा। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.9°C महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 18.3°C, करनाल में 16.6°C, रोहतक में 17.8°C और अंबाला में 19.8°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार रात के तापमान में यह बढ़ोतरी वातावरण में नमी और बादलों की आंशिक मौजूदगी के कारण हो रही है। अगले दो-तीन दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकता है। दिन के तापमान में मामूली गिरावट हरियाणा में गुरुवार को औसत अधिकतम तापमान में 0.3°C की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से करीब 5°C ज्यादा बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 36.7°C पलवल वाटर सर्विस डिवीजन में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा महेंद्रगढ़ में 35.1°C, गुरुग्राम में 34.9°C और नूंह में 35.6°C तापमान दर्ज हुआ। हिसार में अधिकतम तापमान 32.9°C रहा। मौसम विभाग का कहना है कि 14 मार्च से बादल बढ़ने और बारिश की संभावना के कारण दिन के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
हरियाणा में कल से बारिश-आंधी की संभावना:40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवाएं, दिन के तापमान में 0.3°C गिरावट
