योगी से मिलीं रायबरेली में मारे गए हरिओम की पत्नी:विधायक मनोज पांडेय के साथ पहुंचा परिवार; मॉब लिंचिंग में हुई थी हत्या

योगी से मिलीं रायबरेली में मारे गए हरिओम की पत्नी:विधायक मनोज पांडेय के साथ पहुंचा परिवार; मॉब लिंचिंग में हुई थी हत्या
Share Now

रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा से विधायक मनोज पांडेय के साथ मृतक हरिओम वाल्मीकि की पत्नी संगीता उर्फ पिंकी ने सीएम योगी से मुलाकात की। उनके पिता छोटेलाल और बेटी अनन्या भी साथ रहे। दरअसल, शनिवार दोपहर मंत्री असीम अरुण और राकेश सचान ने हरिओम की पत्नी संगीता से मुलाकात की थी। मंत्रियों ने सरकार की तरफ से भेजी गई मदद सौंपी थी। इसके बाद ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने संगीता से बात की। उनसे सरकार की तरफ से मिली मदद के बारे में पूछा। इस पर संगीता ने बताया कि वह मुख्यमंत्री की आभारी हैं। मुझे जिसकी उम्मीद नहीं थी, वह भी सरकार ने पूरा किया। संगीता की सीएम से मुलाकात कराने के लिए मनोज पांडेय ने पहले ही बात कर ली थी। इसके चलते दोपहर करीब डेढ़ बजे वह संगीता को लेकर लखनऊ रवाना हो गए। फिर देर शाम उन्हें सीएम योगी से मिलवाया। सीएम से बोलीं पत्नी- बाबा सिर्फ आप ही रक्षा कर सकते हैं
सीएम योगी ने हरिओम वाल्मीकि के परिवार को न्याय और सुरक्षा का आश्वासन दिया है। शनिवार शाम लखनऊ में सीएम से मुलाकात के बाद मृतक की पत्नी संगीता वाल्मीकि ने कहा कि बाबा सिर्फ आप ही हैं, जो दलितों की रक्षा कर सकते हैं। हम सरकार और पुलिस की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं, न्याय मिलने का विश्वास है। सीएम योगी ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। योगी ने कहा कि परिवार को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिया जाएगा। साथ ही संगीता वाल्मीकि को उनके कार्यस्थल पर स्थायी नौकरी दी जाएगी। सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं परिवार को दी जाएंगी। सीएम योगी ने कहा कि घटना के 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई। दलितों, वंचितों और शोषितों की सुरक्षा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था के साथ समझौता नहीं होगा। पीड़ित परिवार के आंसू के हर बूंद का हिसाब लिया जाएगा। हरिओम वाल्मीकि मामले में प्रदेश सरकार कोर्ट में प्रभावी पैरवी करेगी, आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे। मनोज पांडेय ने कहा- सीएम ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया
ऊंचाहार से विधायक मनोज पांडेय ने दैनिक भास्कर को बताया कि मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि जो बचे अपराधी हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परिवार के लोगों ने सरकारी नौकरी की मांग की, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए नियमों के तहत नौकरी दिए जाने का आश्वासन दिया। मनोज पांडेय ने ये भी बताया कि परिवार को 6.92 लाख रुपए का मुआवजा मिल चुका है। उन्होंने बताया कि इस मामले में 15 अपराधियों की पहचान हुई थी। इनमें से 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। तीन की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। संगीता बोलीं- सभी आरोपी पकड़े जाएंगे, तभी सुकून मिलेगा
पति हरिओम की हत्या के बाद से संगीता काफी दुखी हैं। बात करते-करते उनकी आंख से आंसू निकल पड़ते हैं। उनका कहना है कि अभी तक सभी आरोपी नहीं पकड़े गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही सभी आरोपी पकड़े जाएंगे। सभी आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही उनको सुकून मिलेगा। मंत्रियों ने आर्थिक सहायता दी ऊंचाहार में चोर समझकर भीड़ का शिकार बने हरिओम वाल्मीकि के परिवार को यूपी सरकार ने आर्थिक मदद दी है। शनिवार को समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण और खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान हरिओम की पत्नी संगीता और बेटी अनन्या से मिलने उनके घर नई बस्ती पहुंचे। संगीता को 7 लाख और पिता गंगादीन को 6.62 लाख का चेक दिया। इस मौके पर असीम अरुण ने कहा कि हम सहायता देने नहीं, बल्कि न्याय देने आए हैं। पत्नी-बेटी की सुरक्षा में पुलिस तैनात
हरिओम हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए उनकी पत्नी और बेटी की सुरक्षा में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। उनके घर पर एक दरोगा, सिपाही और एक महिला सिपाही की 24 घंटे ड्यूटी रहती है। साथ ही घर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। थानाध्यक्ष ऊंचाहार अजय कुमार राय ने बताया कि हरिओम की हत्या के बाद घर पर लोगों का आना-जाना बढ़ा है। इससे परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी बढ़ गई है। किसी खतरे की आशंका को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिसकर्मी 8-8 घंटे की ड्यूटी दे रहे हैं। अब पढ़िए क्या है मामला ऊंचाहार थाना क्षेत्र के ईश्वरदासपुर गांव में 2 अक्टूबर को एक युवक की लाश रेलवे ट्रैक के किनारे मिली थी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के शरीर पर पिटाई के निशान थे। सिर पर गहरी चोट, छाती पर बेल्ट के निशान और पूरे शरीर पर नीले-काले दाग थे। पुलिस ने बताया कि युवक का नाम हरिओम पुत्र गंगादीन (38) है। वह फतेहपुर जिले के तरावती का पुरवा गांव का रहने वाला है। वह 1 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे ऊंचाहार-डलमऊ मार्ग पर ईश्वरदासपुर की ओर जा रहा था। तभी 24-25 गांववालों ने उसे पकड़ लिया। गांववाले उससे पूछताछ करने लगे। हरिओम ने बताया कि वह पास के ही गांव में रहता है, लेकिन गांववाले उसके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद उसे डंडे और बेल्ट से मारने-पीटने लगे। फिर उसे अधनंगा करके उसकी ही शर्ट से दोनों हाथ बांधे और उस पर डंडे-बेल्ट बरसाते रहे। अधमरा करने के बाद रेलवे ट्रैक के किनारे फेंका
अधमरा करने के बाद लोग उसे गांव के बाहर नहर किनारे ले गए। वहां एक खंभे में बांधकर पीटा। युवक बार-बार कहता रहा कि मैं चोर नहीं हूं, लेकिन गांववाले नहीं माने। पिटाई के बाद युवक को अधमरी हालत में रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया। जहां से 2 अक्टूबर की सुबह उसका शव मिला था। हरिओम की पत्नी पिंकी के मुताबिक, पति मानसिक रूप से कमजोर था। रायबरेली में मुझसे मिलने आ रहा था। पिंकी, ऊंचाहार में NTPC परिसर में पंजाब नेशनल बैंक में सफाई कर्मचारी है। गेट नंबर-2 के सामने पिंकी का मायका है। इस समय वो मायके में रह रही थी। अब तक 4 वीडियो सामने आए अब पढ़िए उस वीडियो की बात, जो 4 अक्टूबर को सामने आया
4 अक्टूबर को सामने आया वीडियो 1 मिनट 21 सेकेंड का है। इसमें दिख रहा है कि एक युवक जमीन पर अर्द्धनग्न पड़ा है। एक आदमी ने उसकी गर्दन पर पैर रखा है। कुछ लोगों ने उसके दोनों पैरों को पकड़कर खींच रखा है। भीड़ ने उसी की शर्ट से उसके दोनों हाथ बांस के डंडे से पीछे बांध दिए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि भीड़ में से कुछ युवक उसकी जांघ और प्राइवेट पार्ट पर बेल्ट-डंडे से मार रहे हैं। भीड़ गालियां देते हुए युवक से उसका नाम पता पूछ रही है। युवक बोलता है- हनुमानगंज और गुड्डू भइया। इसके बाद भीड़ उससे पूछती है कि बाकी 3 लोग कहां हैं? इसके बाद भीड़ में से एक युवक कहता है कि मारते रहो, कुछ न कुछ बोलेगा। इसके बाद युवक दर्द से कराहते हुए जोर से बोलता है- अम्मा…। भीड़ गालियां देते हुए उस पर पानी डालती है। उसके दोनों जांघों और प्राइवेट पार्ट लगातार बेल्ट और डंडे बरसाए जा रही थी। चेहरे पर पानी पड़ते ही युवक जोर से चिल्लाकर कहता है- राहुल गांधी। उधर, भीड़ में से कोई कहता है- यहां सब बाबा वाले आदमी हैं। कुछ युवक कहते हैं कि भगत सिंह का नाम ले लो, चंद्रशेखर आजाद का नाम ले लो। इसके बाद वीडियो में से एक युवक कहता है कि इसे मारते हुए थक जा रहे हैं। 5 आरोपी गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी का ट्रांसफर, 3 सस्पेंड
3 अक्टूबर को ग्रामीणों द्वारा की गई पिटाई का वीडियो सामने आया। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने वीडियो और जांच के आधार पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। 4 अक्टूबर को ऊंचाहार पुलिस ने 5 आरोपियों वैभव सिंह, विपिन मौर्या, विजय कुमार, सहदेव और सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया। ये सभी डांडेपुर जमुनापुर, ऊंचाहार, रायबरेली के रहने वाले हैं। इन्हें गुलरहिआ तिराहा से गिरफ्तार किया गया। वहीं, इस मामले में पुलिस की लापरवाही देखते हुए एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने ऊंचाहार कोतवाल संजय कुमार का तबादला अपराध शाखा में कर दिया। इसके साथ ही हल्का उपनिरीक्षक कमल सिंह यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार और अभिषेक कुमार को सस्पेंड कर दिया। राहुल गांधी ने कहा था- रायबरेली में इंसान नहीं, संविधान की हत्या मॉब लिंचिंग को लेकर 7 अक्टूबर को राहुल गांधी ने कहा था- दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या केवल एक इंसान की नहीं, बल्कि इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है। देश में नफरत, हिंसा और भीड़ तंत्र को सत्ता का संरक्षण मिला है। राहुल ने X पर लिखा था- संविधान की जगह बुलडोजर ने ले ली है, इंसाफ की जगह डर ने, लेकिन यह देश संविधान से चलेगा, भीड़ की सनक से नहीं। भारत का भविष्य समानता और मानवता पर टिका है। मैं परिवार के साथ खड़ा हूं। उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।
————————————————— यह खबर भी पढ़ें…
80 लाख फॉलोअर्स थे; MLA अतुल प्रधान बोले- सरकार जनता के दिलों से दूर कैसे करेगी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक पेज सस्पेंड कर दिया गया है। इस पेज से करीब 80 लाख लोग जुड़े थे। अब ये तकनीकी खामी है या कोई और मामला है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं दी गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *