ट्रक ने तोड़ी श्मशान की बाउंड्री वाल:खराबी से रिवर्स हुआ लोडिंग वाहन, पीथमपुर से राऊ की ओर जा रहा था

Spread the love

पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार शाम एक लोडिंग वाहन तकनीकी खराबी के कारण अचानक रिवर्स हो गया। बेकाबू हुए इस वाहन ने पास ही स्थित श्मशान घाट की बाउंड्री वॉल तोड़ दी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ। यह घटना सेक्टर एक थाना क्षेत्र के नगर पालिका चौराहे के पास शाम करीब 5:30 बजे हुई। आयशर लोडिंग वाहन (MP 09 KD 6304) सामान लेकर पीथमपुर से राऊ की ओर जा रहा था। नगर पालिका चौराहे से पहले चढ़ाई (घाटी) पर वाहन में अचानक खराबी आ गई और वह पीछे की ओर लुढ़कने लगा। शाफ्ट टूटने से हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों और जानकारों के मुताबिक, संभवतः ट्रक की शाफ्ट टूट गई थी, जिस कारण वह बेकाबू हो गया। ड्राइवर ने ब्रेक लगाकर वाहन को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका और सड़क से करीब बीस फीट दूर श्मशान घाट की दीवार को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। टल गई बड़ी दुर्घटना हादसे के वक्त गनीमत यह रही कि ट्रक के पीछे कोई दूसरा वाहन या पैदल राहगीर नहीं था। अगर पीछे कोई अन्य गाड़ी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल वाहन को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।