हरियाणा के पलवल में एक लड़के ने अपनी ही मां पर फोन चोरी करने की FIR दर्ज करा दी। लड़का 12वीं क्लास का एग्जाम देने स्कूल आया था। आरोप है कि स्कूल के बाहर खड़ी स्कूटी की डिग्गी से उसकी मां फोन निकालकर ले गई। यह पूरी घटना स्कूल के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। हथीन गेट चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लड़के के पिता डॉ मनीष गर्ग हथीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सीनियर मेडिकल ऑफिसर (SMO) हैं। मनीष का अपनी पत्नी चारू के साथ विवाद चल रहा है। लड़का अपने दादा के पास रहता है। पहले जानिए शिकायत में क्या…. स्कूल के बाहर खड़ी की थी स्कूटी न्यू कॉलोनी निवासी हितेश गर्ग ने हथीन गेट चौकी को शिकायत देकर बताया कि मैं 12वीं कक्षा का छात्र हूं। 12 मार्च को मेरा इंग्लिश का पेपर था। मैं अपने दादा कृष्ण चंद की स्कूटी लेकर एक स्कूल में गया था। पेपर शुरू होने से पहले मैंने अपना मोबाइल स्कूटी की डिग्गी में रख दिया। CCTV में मां चोरी करती दिखी हितेश ने आगे बताया कि जब मैं पेपर देकर स्कूल से बाहर आया तो मुझे स्कूटी की डिग्गी में मेरा मोबाइल नहीं मिला। मैंने स्कूल में लगे CCTV कैमरों की जांच की तो पता चला कि मेरी मम्मी चारू गर्ग मेरा फोन स्कूटी की डिग्गी खोलकर चोरी कर ले गई। पिता बोले- चोरी करना पत्नी का काम है इस मामले को लेकर जब हितेष गर्ग से दैनिक भास्कर एप की टीम ने बात की तो उन्होंने इसे पर्सनल मामला बताते हुए कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। वहीं हितेश के पिता मनीष गर्ग ने कहा कि चोरी करना पत्नी का काम है। मुझे उससे कुछ लेना-देना नहीं है। वो चारू को ही पता होगा कि उसने ऐसा क्यों किया। पति-पत्नी में लंबे समय से चल रहा विवाद मनीष गर्ग और चारू गर्ग के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। दोनों पलवल में ही अलग-अलग रहते हैं। उनका बेटा हितेश गर्ग न्यू कॉलोनी में अपने दादा रिटायर्ड प्रिंसपिल कृष्ण चंद के पास रहता है। दादा ने ही हितेश को यह फोन दिलाया था। फोन चोरी की शिकायत 12 मार्च को ही पुलिस को दे दी गई थी। पारिवारिक मामला होने के चलते, पहले दोनों पक्षों में सहमति बनाने की कोशिश की गई। जब सहमति नहीं बनी, तो पुलिस ने चारू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। चौकी प्रभारी बोले- जांच के बाद कार्रवाई होगी हथीन गेट चौकी प्रभारी शेर सिंह तंवर ने बताया कि पुलिस के द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उसकी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
बेटे ने मां पर फोन चोरी करने की FIR कराई:स्कूटी की डिग्गी से निकालकर ले गई; लड़के के पिता पलवल में सीनियर मेडिकल ऑफिसर
