नर्क में गर्म तेल में तलने की सजा खत्म:दुल्हन की तरह सिलेंडर की एंट्री; गैस संकट पर सोशल मीडिया में मस्ती के VIDEO

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। हमारे देश भारत में इन दिनों एलपीजी गैस का संकट गहराया हुआ है। लोगों को गैस सिलेंडर के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर गैस के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। जिसे सिलेंडर नहीं मिल रहा, वह परेशान है और जिसे मिल गया, उसकी खुशी का ठिकाना नहीं है। एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर बने इन हालात पर सोशल मीडिया पर जमकर मस्ती भी चल रही है। लोग वीडियो बनाकर तंज कर रहे हैं, दुख जता रहे हैं, सिस्टम पर सवाल उठा रहे हैं और हां, जिन्हें सिलेंडर मिल गया है वे अपनी खुशी भी खूब जाहिर कर रहे हैं। गैस का सिलेंडर मिलने की खुशी
इन दिनों गैस सिलेंडर मिल जाना किसी जंग जीतने से कम नहीं है। लोग इसी थीम पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। एक रील में जैसे ही कर्मचारी गैस सिलेंडर की डिलीवरी देने आता है, तो दंपती उस पर फूल बरसाकर उसका स्वागत करते हैं। वहीं दूसरी रील में गैस सिलेंडर मिलने पर उसे ढोल-नगाड़ों के साथ घर लाया जा रहा है। जो सिलेंडर ला रहा है उसे किसी शहंशाह जैसी फीलिंग हो रही है, क्योंकि उसे गैस सिलेंडर जो मिल गया है। एक और रील में गैस सिलेंडर को दुल्हन की तरह घर में एंट्री कराई जाती है। सिलेंडर की ठोकर से पानी भरा कलश गिराया जाता है। फिर उसे कुमकुम भरी थाली में रखकर कपड़े पर उसके निशान लिए जाते हैं। इसके बाद सिलेंडर की पूजा-आरती की जाती है। एक वीडियो में एक शख्स सिलेंडर मिलने पर दौड़ता हुआ घर आता है। वहां उसकी पत्नी उसका इंतजार कर रही होती है। वह खुशी से उसका नाम लेकर कहता है- शांति, मुझे सिलेंडर मिल गया। अब हम खाना बनाएंगे और खाना खाएंगे। सिलेंडर मस्ती में फिल्मी तड़का
हमारी मस्ती में फिल्मी तड़का न हो तो मजा ही नहीं आता। कई वीडियो में फिल्मों के सीन और डायलॉग लगाकर उन्हें सिलेंडर की किल्लत से जोड़ दिया गया है। जैसे एक रील में अभिनेता अमरीश पुरी कहते हैं- कहां मर गए गांव वाले? तभी रील बनाने वाला शख्स जवाब देता है- सभी लोग गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने गए हैं। एक और वीडियो में अमरीश पुरी सिलेंडर ला रहे शख्स को देखकर कहते हैं- शाबाश मेरे शेर, लूट लाया तू तो। इस पर वह शख्स जवाब देता है- लूटकर नहीं लाया हूं, लाइन में लगकर लाया हूं। बड़ी मुश्किल से मिला है। एक रील में फिल्म जुदाई का श्रीदेवी और उर्मिला मातोंडकर का संवाद लगाया गया है। इसमें एक महिला सिलेंडर पर हाथ रखकर कहती है- एक-एक रुपया जमा कर इसे डेढ़ हजार में खरीदा है। इस पर दूसरी महिला कहती है- तो ये पैसे मैं तुम्हें दे देती हूं। तब पहली महिला जवाब देती है- फिर भी मैं तुम्हें क्यों दूं? पूरी 20 दुकानों पर घूमी तब जाकर ये मिला है। ‘चलो चूल्हा जलाए सनम’ वाली रील
आपने ये गाना तो सुना ही होगा- किस डिस्को में जाएं, किस होटल में खाएं.. इस गाने के बोल बदलकर एआई की मदद से एक रील बनाई गई है। इसमें गाया जा रहा है- किसी डिस्को में न जाएं,
किसी होटल में न खाएं,
ये गैस तो खत्म हो गई, कहीं भूखे न रह जाएं हम,
चलो चूल्हा जलाएं… चलो चूल्हा जलाएं सनम। नर्क में भी खत्म हो गया गैस सिलेंडर
एक रील में दिखाया गया है कि नर्क में खौलते तेल में डालकर दी जाने वाली सजा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। वजह है गैस का संकट। गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा, तो तेल उबाला कैसे जाए? इसलिए जब तक संकट खत्म नहीं होता, तब तक इस सजा को भी बंद कर दिया गया है। इसके बाद सजा पाने वालों में खुशी देखी जाती है। संकट कोई भी हो, जुगाड़ तो रहता है
संकट कोई भी हो, हमारे यहां जुगाड़ की कमी नहीं है। कुछ रीलों में गैस संकट से निपटने के अनोखे तरीके दिखाए गए हैं। कहीं इमर्शन रॉड से चाय बनाई जा रही है, तो कहीं प्रेस के तले पर रोटियां सेकी जा रही हैं। वहीं हीटर पर आमलेट बनाया जा रहा है। एक रील में एक महिला कई मोमबत्तियां जलाकर उनके ऊपर पतीली रखकर चाय बनाती दिखती है। एक महिला इसलिए खुश है क्योंकि उसे चूल्हे पर खाना बनाना आता है, इसलिए संकट के बीच भी वह खुशी से झूम उठती है। हर पत्नी चाहे कि पति ऐसा गिफ्ट लाए
एक रील में पति बड़ी मुश्किल से गैस सिलेंडर लेकर आता है और उसे गिफ्ट की तरह पैक करके पत्नी को देता है। पत्नी गिफ्ट देखकर हैरान होती है। जब वह पैकिंग खोलती है तो पता चलता है कि अंदर गैस सिलेंडर है। फिर उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता और वह पति को धन्यवाद देती है। गैस संकट ने पुराने दिन याद दिला दिए
कई रीलों में गैस संकट के कारण पुराने दिनों की यादें ताजा होती नजर आ रही हैं। कहीं महिलाएं चूल्हे पर खाना बनाती दिखती हैं, तो कहीं कोई फूंकनी से आग सुलगाती नजर आती है। संकट के इस दौर में तो कंडों की मानो लॉटरी लग गई है। कंडे फिर से चर्चा में आ गए हैं। एक रील में दो युवक जमकर डांस करते हुए कहते हैं- गैस सिलेंडर की चिंता करने वाले करें, हमारे पास तो कंडों का पूरा स्टॉक है। कुछ रीलों में कंडों की ब्लैक मार्केटिंग भी दिखाई गई है। कहीं लोग महंगे दामों पर कंडे बेचते नजर आते हैं, तो कहीं एक शख्स की कंडों की ब्लैकमार्केटिंग के लिए गिरफ्तारी भी दिखाई जाती है। रिसोर्ट के सामने लगाना पड़ा बोर्ड
आपने अक्सर शादी के निमंत्रण पत्रों पर लिखा देखा होगा- प्रीतिभोज का समय: सुनहरी शाम से ढलती रात तक या शाम इतने बजे से आपके आगमन तक।े लेकिन एआई की मदद से बनाए गए एक फोटो में शादी समारोह के बाहर लगे बोर्ड पर लिखा है- प्रीतिभोज का समय: शाम 7 बजे से गैस खत्म होने तक।
पहले आए, पहले पाए। ये भी पढ़ें –
सिंधिया ने सीएम से जोड़ा नया रिश्ता: तालियों की लगवा दी झड़ी; कांग्रेस ने नाले की गैस से भले सिलेंडर मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों मंच से तालियां बजवाने की होड़ सी नजर आने लगी है। ताजा मामला केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का है। ग्वालियर के घाटीगांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने मंच से कई बार मुख्यमंत्री के लिए तालियां बजवाईं और उनसे अपना एक नया रिश्ता भी बताया। पूरी खबर पढ़ें