विधान परिषद की याचिका समिति ने की समीक्षा, अधूरे कार्यों पर जताई नाराजगी

Spread the love

समिति ने बहेड़ी, फरीदपुर, नवाबगंज, भुता, आंवला और क्यारा ब्लॉकों के विभिन्न ग्रामों में सड़कों, नालियों और खडंजा निर्माण कार्यों की प्रगति जानी। जिन कार्यों में कमी पाई गई, उनमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कई जगह जहां कार्य पूर्ण बताया गया, वहां समिति ने फोटो सहित रिपोर्ट मांगी।

समिति ने नाराजगी जताई कि कई विभागों ने अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की। बदायूं के अब्दुल्लागंज-रौली मार्ग की पुरानी रिपोर्ट पेश करने पर प्रभारी जिलाधिकारी को संबंधित अभियंता के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में मनरेगा से नदियों के किनारे अंत्येष्टि स्थल बनवाने, वन विभाग को वृक्षारोपण बढ़ाने और दिव्यांगों को आवास व मोटराइज्ड रिक्शा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि जिले में मनरेगा के तहत 70 गौशालाएं, 275 अन्नपूर्णा मॉडल शॉप और स्वयं सहायता समूह की दीदियों के लिए शेड बनाए गए हैं।

जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 71 प्रतिशत रोड रेस्टोरेशन कार्य पूरा हो चुका है। समिति ने निर्देश दिए कि जहां कार्य अधूरा है, वहां सुधार कराया जाए। बैठक में एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने नहरों में पानी की समस्या उठाई।

बैठक में समिति के सदस्य अनूप कुमार गुप्ता, मुकुल यादव, हरी सिंह ढिल्लों, बहोरन लाल मौर्य, विधायक संजीव अग्रवाल सहित बरेली-बदायूं के अधिकारी मौजूद रहे।