परिवार को मारने वाला कहता- मौत का साया दिख रहा:RO में नींद की दवा मिलाई, सहारनपुर में पत्नी, बेटों और मां को मारकर जान दी

Spread the love

सहारनपुर की शाश्वत बिहार कॉलोनी के घर में एक ही परिवार के 5 लोगों की लाशें मिलीं। अमीन ने मां, पत्नी और 2 बेटों के माथे पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया। 19 जनवरी की रात अशोक ने वाटर प्यूरीफायर में नींद की दवा मिलाई। इसका पानी पीने के बाद परिवार के चारों लोग गहरी नींद में सो गए, जबकि अशोक जागता रहा। इसके बाद अशोक ने रात 3.12 बजे एक ऑडियो रिकॉर्ड किया। 1 मिनट 18 सेकेंड के ऑडियो में उसने मर्डर करने की बात कबूल की। कहा- मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई…। मैंने सबको मार डाला। सुबह जैसे ही ये ऑडियो अशोक की बड़ी बहन मोहिनी ने सुना, वह भागते हुए घर पहुंची। तब हत्या और सुसाइड की खौफनाक कहानी सामने आई। 20 जनवरी की शाम 5 डेड बॉडी अमीन के गांव खारी बांस ले जाई गई, जहां सभी का अंतिम संस्कार किया गया। अमीन ने पूरे परिवार को क्यों मार दिया? इसके जवाब जानने के लिए हमने परिवार, पड़ोसी और पुलिस के अधिकारियों से बात की। पढ़िए ग्राउंड रिपोर्ट… दोस्त बोले- अशोक को साया दिखता, पूरे परिवार को 1 कमरे में सुलाता
शाश्वत बिहार कॉलोनी के घर के बाहर भीड़ जुटी थी। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल… आखिर एक पिता अपने बेटों को कैसे मार सकता है। हमें अशोक के दोस्तों ने बताया- वो अक्सर एक साये का जिक्र करता, जो उसे ही दिखता था। वो उसे ‘मौत का साया’ बोलता था। वो परिवार वालों से भी कहता कि अगर मैं मर गया, तो तुम लोगों का क्या होगा? इसी डर की वजह से घर में 3 कमरे होने के बावजूद रात में पूरा परिवार एक कमरे में सोने के लिए मजबूर था। दोस्तों के इस बयान की पुष्टि ऐसे भी होती है कि पुलिस को भी 5 लाशें 1 ही कमरे में मिलीं। परिवार के लोगों ने बताया- अशोक का चंडीगढ़ में इलाज चल रहा था। वो कोविड काल के बाद से डिप्रेशन में चला गया था। इस हत्याकांड में भी ऐसा माना जा रहा कि अशोक को लगने लगा था कि वो मरने वाला है। इसलिए उसने पहले पूरे परिवार को मारा, फिर खुद को भी खत्म कर लिया। पहले पत्नी, बड़े बेटे फिर मां को गोली मारी, छोटा बेटा जाग गया था अशोक की पत्नी अंजिता, मां विद्यावती, बेटे कार्तिक और देव के माथे पर गोली मारी गई। लाशों के बीच जमीन पर ही 3 कंट्री मेड पिस्टल मिलीं। SSP आशीष तिवारी कहते हैं- ये हथियार लाइसेंसी नहीं हो सकते। सभी को पॉइंट ब्लैक रेंज (नजदीक) से गोली मारी है। अशोक के सीने और माथे पर गोली के निशान मिले हैं। क्राइम सीन देखकर उन्होंने बताया- 2 पिस्टल से 10 राउंड फायरिंग हुई है। अशोक ने सबसे पहले पत्नी और फिर बड़े बेटे को गोली मारी। इसके बाद मां के पास आकर उन्हें गोली मारी। छोटे बेटे पर दवा का असर कम हुआ था, इसलिए उसकी नींद टूट गई। वह उठ ही रहा था कि अशोक ने उसके ऊपर भी गोली दाग दी। पुलिस की थ्योरी क्राइम सीन से मिलती भी है, क्योंकि सिर्फ छोटे बेटे की बॉडी औंधे मुंह मिली है। SSP का दावा है कि सिर्फ 40 सेकेंड में अशोक ने सबको मार दिया। फर्श पर खून बिखरा हुआ था। चारपाई और बेड की चादर के अलावा तकिए भी खून से सने मिले। लेकिन कमरे में कोई भी सामान बिखरा हुआ नहीं मिला था। डेढ़-डेढ़ मिनट की 3 ऑडियो, बैंक डिटेल बताईं
अशोक ने पूरे परिवार की हत्या करने के बाद अपने मोबाइल पर डेढ़-डेढ़ मिनट की 3 ऑडियो रिकार्डिंग कीं। इनमें उसने अपनी बहनों को बैंक अकाउंट, पेटीएम और रुपए कहां रखे हैं, इसकी डिटेल बताई है। जरूरी पिन कार्ड का भी जिक्र किया। एक ऑडियो में अशोक ने कहा- बहन मैंने भांजे को जो मोबाइल खरीदकर दिया था, उसकी सारी किस्त पेमेंट कर दी हैं। अब चिंता मत करना। अब वो वॉयस मैसेज पढ़िए, जो अशोक ने अपनी बहन मोहिनी को मरने से पहले भेजा….

रात 3.12 बजे मोहिनी के मोबाइल पर एक वॉयस मैसेज भेजा गया। वो भी शाश्वत बिहार कॉलोनी में ही अशोक के घर से थोड़ी दूर पर रहती हैं। ये मैसेज उन्होंने सुबह जागने के बाद सुना। इस वॉट्सऐप मैसेज में अशोक ने कहा- बहन… मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। मैंने मां, तेरी भाभी और दोनों बेटों की गोली मारकर हत्या कर दी। अब मैं भी सुसाइड कर रहा हूं। बहन, मेरा अंतिम संस्कार गांव खारी बांस में करना। जो भी मेरी प्रॉपर्टी है, वो तुम दोनों बहन बांट लेना। इसके बाद अशोक ने टूटी-फूटी लाइनों में कुछ और भी कहा, लेकिन पुलिस उसे समझ नहीं पा रही है। साइबर सेल भी इस ऑडियो को क्लियर करने की कोशिश में लगी है। प्यूरीफायर के पानी के सैंपल जांच को भेजे
पुलिस को रसोई में जो वाटर प्यूरीफायर लगा मिला। उसके पास से नींद की दवा के रैपर भी मिले। इस प्यूरीफायर के पानी के सैंपल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही, कमरे में रखी पानी की बोतल और गिलास में बचे हुए पानी के सैंपल भी लिए गए हैं। SSP ने बताया- चंडीगढ़ के डॉक्टर से इलाज के दौरान जो दवाएं अशोक को लिखी जा रही थीं। उसमें नींद की दवाएं भी शामिल थीं। हमें लगता है कि प्यूरीफायर के पानी में वहीं दवाएं मिलाई गईं हैं। अब सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ये फैक्ट साबित भी हो जाएंगे। रिटायरमेंट से 1 दिन पहले हुई थी पिता की संदिग्ध मौत
दोस्तों और पड़ोसियों के मुताबिक, 3 साल पहले अशोक के पिता सुरेंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जिस दिन वह मरे थे, उसके 1 दिन बाद ही उनका रिटायरमेंट होना था। चूंकि, वो उस वक्त जॉब में थे, इसलिए अशोक को मृतक आश्रित कोटे में अमीन की नौकरी मिली थी। कोविड काल में अशोक बीमार पड़ा, जिसके बाद से वह डिप्रेशन में रहने लगा। उसका सहारनपुर में इलाज भी चल रहा था। वो 2 वजह से परेशान था- 1. अशोक को रात के वक्त साया दिखने लगा था, इसलिए घर में 3 कमरे होने के बावजूद वह पूरे परिवार को 1 ही कमरे में सुलाता था। बाकी कमरों में किसी को नहीं जाने देता था। 2. अशोक गांव खारिबांस में ही रहना चाहता था, जबकि परिवार वाले सहारनपुर शहर में रहने की जिद पर अड़ा था। इसको लेकर भी विवाद चल रहा था। पूर्व प्रधान राजेंद्र कहते हैं- मकान अंदर से लॉक था। रिश्तेदार को सीढ़ी लगाकर ऊपर जाना पड़ा था। बाहर से कोई आया ही नहीं। ऐसे में अशोक ने ही ये सब कर किया है। वो डिप्रेशन में था, लेकिन क्या इतना डिप्रेशन था कि इतना कुछ कर डाले। देवेश सिंह कहते हैं- मैं अशोक का जीजा हूं, सुबह से परिवार के लोग उन्हें कॉल कर रहे थे, मगर वो फोन नहीं उठा रहे थे। मेरा ही बेटा पहले आया था, मगर पूरा घर लॉक था। फिर हम लोगों ने मदद बुलाई। अंदर पहुंचने के बाद सबकी लाशें चारपाई और बेड पर ही मिलीं। पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार बहुत शांत स्वभाव का था। उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। बेटे देव कक्षा 9 और कार्तिक कक्षा 10वीं में पढ़ते थे। लेकिन सवाल यही कि अगर सब कुछ सामान्य था, तो फिर एक रात में ऐसा क्या हुआ कि पूरा परिवार मौत के मुंह में चला गया? सांसद, विधायक ने दुख जताया
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और बीजेपी विधायक मुकेश चौधरी घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। दोनों ने घटना को दुखद बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। DIG अभिषेक सिंह ने कहा- फोरेंसिक टीम के सबूत जुटाने के बाद घर को सील कर दिया गया है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
………………………. ये भी पढ़ें – यूपी में परिवार के 4 लोगों की हत्याकर जान दी:पत्नी, दो बेटे और मां के माथे पर गोली मारी; अमीन ने खुद पर 2 फायर किए सहारनपुर में सरकारी अमीन ने पत्नी, दो बेटों और मां के माथे में गोली मारकर हत्या कर दी। फिर खुद के सीने और माथे पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी बहन को एक मैसेज और ऑडियो क्लिप भेजी। इसमें उसने कहा- वह परिवार की हत्या कर चुका है। अब खुद भी जान देने जा रहा है। पढ़िए पूरी खबर…