राजगीर-मुंबई के बीच नई ट्रेन सेवा का आज शुभारंभ:राजगीर से हर दिन खुलेगी ट्रेन; 38 घंटे की यात्रा के बाद तीसरे दिन पहुंचे मुंबई

राजगीर-मुंबई के बीच नई ट्रेन सेवा का आज शुभारंभ:राजगीर से हर दिन खुलेगी ट्रेन; 38 घंटे की यात्रा के बाद तीसरे दिन पहुंचे मुंबई
Share Now

राजगीर और देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से बिहार की कनेक्टिविटी में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। शुक्रवार से पटना-लोकमान्य तिलक(13201/13202) ट्रेन सेवा का औपचारिक शुभारंभ बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेन्द्र कुमार और विधायक कौशल किशोर की उपस्थिति में होगा। दरअसल, पटना-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस का विस्तार किया गया है। ये ट्रेन अब राजगीर तक जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने ये फैसला लिया है। इससे राजगीर, नालंदा और बिहार शरीफ से जबलपुर, भुसावल, मुंबई जैसे शहरों के लिए एक सीधी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। यह ट्रेन सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी, जो यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा होगी। राजगीर से ट्रेन प्रतिदिन शाम 8:45 बजे खुलेगी और 38 घंटे की यात्रा के बाद तीसरे दिन सुबह 10:50 बजे मुंबई पहुंचेगी। वापसी में, मुंबई से ट्रेन दोपहर 2:45 बजे प्रस्थान करके तीसरे दिन तड़के 3:00 बजे राजगीर पहुंचेगी। महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन इस नई ट्रेन सेवा का मार्ग बिहार के कई प्रमुख शहरों को जोड़ता है। राजगीर से चलकर यह ट्रेन बिहारशरीफ, बख्तियारपुर, पटना, आरा और बक्सर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यह मार्ग न केवल स्थानीय यात्रियों के लिए सुविधाजनक है बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। पर्यटन क्षेत्र को मिलेगा बड़ा फायदा नालंदा जिले के लिए यह ट्रेन सेवा एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राजगीर, जो अपने ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है, अब मुंबई जैसे महानगर से सीधे जुड़ जाएगा। इससे देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को नालंदा की यात्रा करने में काफी आसानी होगी। स्थानीय पर्यटन उद्योग के जानकारों का मानना है कि इस नई कनेक्टिविटी से राजगीर, नालंदा विश्वविद्यालय के अवशेष और अन्य ऐतिहासिक स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। रेलवे ने जारी किया शेड्यूल राजगीर-पटना-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस(13201)- 26 सितंबर से राजगीर से 20.45 बजे खुलकर 21.00 बजे नालंदा, 21.20 बजे बिहार शरीफ, 21.52 बजे बख्तियारपुर, 22.15 बजे फतुहा, 22.28 बजे पटना साहिब रुकते हुए 23.45 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। यहां से 23.55 बजे खुलकर अपने निर्धारित ठहराव और समयानुसार रुकते हुए तीसरे दिन 10.50 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी । लोकमान्य तिलक-पटना-राजगीर एक्सप्रेस(13202)- 26 सितंबर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई से 14.45 बजे खुलकर अपने निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार रुकते हुए तीसरे दिन 00.10 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। यहां से 00.20 बजे खुलकर 00.35 बजे पटना साहिब, 00.47 बजे फतुहा, 01.20 बजे बख्तियारपुर, 01.53 बजे बिहार शरीफ और 02.11 बजे नालंदा रुकते हुए 03.00 बजे राजगीर पहुंचेगी ।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *