3 साल की मासूम संग ट्रेन के आगे कूदी मां:फरीदाबाद में बच्चे को स्कूल छोड़ने गई थी, मानसिक रूप से बीमार

Spread the love

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपनी तीन साल की मासूम बच्ची के साथ रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन जीआरपी में तैनात एएसआई ललिता ने बताया कि सुबह 9:30 बजे पुलिस को बीट के माध्यम से सूचना मिली थी कि बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन से सटी सुभाष कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर एक महिला और एक बच्ची के शव पड़े हुए हैं। जीआरपी पुलिस ने शवों को ट्रैक से हटवाया सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों शवों को ट्रैक से हटवाकर कब्जे में लिया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस जांच में मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय रेनू और उसकी तीन साल की बेटी सिद्धि के रूप में हुई है। मानसिक रूप से बीमार चल रही थी महिला वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे और शवों की पहचान की। परिजनों से पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया गया कि रेनू पिछले कई वर्षों से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी और उसका इलाज आगरा स्थित मेंटल हॉस्पिटल से चल रहा था। बेटे को स्कूल छोड़ने निकली थी परिजनों के अनुसार, रेनू रोजाना की तरह सोमवार सुबह अपने 6 साल के बेटे को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली थी। वह बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद छोटी बेटी सिद्धि को लेकर घर लौटने वाली थी, लेकिन सुबह करीब 9:30 बजे तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजन उसे तलाशने के लिए बाहर निकले। जांच में जुटी पुलिस इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि सुभाष कॉलोनी के पास रेलवे ट्रैक पर एक महिला और बच्ची की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों की पहचान रेनू और सिद्धि के रूप में की। लंबे समय से चल रही थी बीमार मृतका के पति दिनेश ने बताया कि वह सुबह काम के सिलसिले में घर से निकल गए थे। बच्चों को स्कूल छोड़ने की जिम्मेदारी उनकी पत्नी रेनू की ही थी। दिनेश के अनुसार, उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और लंबे समय से उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पिछले 30 से वर्षों से बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी में रह रहा है। फिलहाल जीआरपी पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।