आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूरे जिले में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में डीएस कॉलोनी छठ पूजा समिति की ओर से शानदार विद्युत सज्जा की गई है। रविवार की शाम धनबाद विधायक राज सिन्हा ने पूजा पंडाल पहुंचकर विधिवत रूप से विद्युत सज्जा का उद्घाटन किया।
करीब एक लाख रुपये की लागत से डीएस कॉलोनी से लेकर पम्पु तालाब तक विद्युत सज्जा की गई है, जिससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। विधायक राज सिन्हा ने मौके पर कहा कि छठ महापर्व आस्था, और स्वच्छता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छठ व्रतियों के लिए सुंदर विद्युत सज्जा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और समिति के सदस्यों ने विधायक का स्वागत किया और छठ पर्व की तैयारियों की जानकारी दी। क्षेत्र में विद्युत सज्जा से पूरा इलाका छठमय वातावरण सा जगमगा उठा है।
