फरीदाबाद में जमींदार के घर के बाहर फायरिंग:थार में आए थे बदमाश; पहले गाली गलौज की, फिर 3 राउंड गोलियां चलाई

Spread the love

फरीदाबाद जिले के नाहरावली गांव में बीती रात काली थार में सवार होकर आए कुछ बदमाशों ने एक जमींदार के घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने न केवल घर के बाहर जमकर गाली-गलौज की, बल्कि खौफ पैदा करने के लिए 3 राउंड फायरिंग भी की। आधी रात को गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। पुलिस मामले में छानबीन में लगी है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जानकारी अनुसार, नाहरावली गांव निवासी जमींदार समंदर भाटी परिवार के सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। इसी बीच रात को साढ़े 12 बजे घर के बाहर गोलियां चलने लगी। गोलियों की आवाज सुनकर समंदर भाटी और उनका परिवार नींद से जाग गया। समंदर भाटी ने बताया कि जब वे बाहर निकले तो देखा कि थार गाड़ी में सवार तीन से चार लोग वहां से भाग रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्हें नहीं पता कि फायरिंग करने वाले कौन थे और क्यों की गई। उस समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। पुलिस को दी गई सूचना, जांच जारी घटना की सूचना तुरंत छायंसा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। समंदर भाटी ने देर शाम थाने में दी गई शिकायत में पूरी घटना का विवरण दर्ज करवाया। थाना प्रभारी बोले- पुलिस जांच में जुटी छायंसा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि हवाई फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। फिलहाल अज्ञात बदमाशों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि फायरिंग करने वालों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। गांव में दहशत का माहौल घटना के बाद से नाहरावली गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।