अंबाला जिले में महावीर पार्क में सोमवार को एक युवती ने पार्क के तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों की सतर्कता से उसकी जान बचा ली। युवती की पहचान केसरी गांव की साक्षी के रूप में हुई है, जो कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की छात्रा बताई जा रही है। पार्क आम लोगों के लिए बंद जानकारी के अनुसार महावीर पार्क इन दिनों आम लोगों के लिए बंद है। इसके बावजूद युवती पार्क के पीछे की टूटी दीवार से अंदर दाखिल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वह तालाब के पास पहुंची, उसने अचानक पानी में छलांग लगा दी। तालाब में हलचल देखते ही वहां ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान मांगेराम ने बिना देर किए खुद भी पानी में छलांग लगा दी। युवती को नागरिक अस्पताल पहुंचाया मांगेराम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती को पानी से बाहर निकाला। इस दौरान होमगार्ड के एक अन्य जवान कृष्ण कुमार ने भी उनकी मदद की। दोनों की तत्परता से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे तुरंत शहर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। मामले की जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना युवती के परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार युवती के बयान दर्ज किए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसने यह कदम किन कारणों से उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अंबाला में महावीर-पार्क के तलाब में युवती ने लगाई छलांग:होमगार्ड ने कूदकर बचाई जान; पीछे की दीवार से अंदर पहुंची थी
