गुरुग्राम : भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह कार्य करने की देता है प्रेरणा :बड़ौली

Spread the love

गुरुग्राम, 3 नवंबर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली सोमवार सायं मानेसर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की तारीफ की। बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह मुझे संगठन और समाज सेवा के कार्यों को और अधिक ऊर्जा के साथ करने की प्रेरणा देता है। बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनहित में हर रोज निर्णय लेकर जनता की सेवा कर रहे हैं। नारी शक्ति के विकास के लिए नायब सरकार ने अनेक योजनाएं चलाई हुई है। हरियाणा दिवस पर नायब सरकार ने हरियाणा की पात्र महिलाओं को हर महीने दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना के माध्यम से 2100 रुपये की आर्थिक सहायता देकर अपना संकल्प पूरा किया है।

बड़ौली ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में भाजपा सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की उपलब्धियों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और लोगों को भाजपा के प्रति प्रेरित करें।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर तक आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत मंडल, विधानसभा, जिला स्तर पर कार्यक्रम हो रहे हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि युवा सम्मेलन, महिला सम्मेलन, व्यापारी एवं लघु उद्योग सम्मेलन, प्रबुद्ध सम्मेलनों का आयोजन कर स्वदेशी अपनाने का संकल्प खुद भी लेना है और अन्य लोगों को भी दिलाना है।

कार्यालय पहुंचने पर गुरुग्राम महानगर भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत यादव, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता, जिला महामंत्री प्रदीप सैनी, मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रिंसी चाहर, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना यादव, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष लोकश शर्मा सहित कार्यकर्ताओं ने श्री बड़ौली का स्वागत किया।