साहब, मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। मेरी क्या गलती है? मुझे उसके जुर्म की जानकारी नहीं थी। घर में मेहमान मौजूद हैं। हल्दी से लेकर तमाम रस्में हो चुकी हैं। भोपाल के कोहेफिजा थाने पहुंची एक दुल्हन ने गुरुवार को यह फरियाद पुलिस से की है। उसका कहना है कि होने वाले पति को 2 घंटे के लिए रिहा कर दो। नहीं तो यही कस्टडी में ही फेरे करा दो। हाथों में मेहंदी, चेहरे पर हल्दी और गले में माला पहने सीमा थाने में खड़ी होकर गैंगस्टर दूल्हा आकाश से मिलाने की गुहार लगाती रही। हालांकि, पुलिस ने दुल्हन की बात नहीं मानी। कोर्ट में भी उसके वकील की ओर से फेरे कराने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन मोहलत नहीं मिली। दरअसल, थाना क्षेत्र में सक्रिय इलीगल गैंग के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी की शादी युवती सीमा से बुधवार दोपहर को होने वाली थी। इसी दौरान पुलिस पहुंची और मंडप से उसे उठा लिया। गैंगस्टर दूल्हे के साथ उसके साथियों को भी पकड़ा गया था। आरोपियों ने मिलकर एक पुजारी को किडनैप किया था। पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपए मिलने के बाद ही उसे छोड़ा था। बाकी 7 लाख रुपए 5 किस्तों में देने की बात तय की गई थी। शादी के लिए पुजारी को किया किडनैप पुलिस ने अब तक आकाश और उसके पांच साथियों राजमजी ठाकुर, अभिषेक उपाध्याय, अभिषेक मीणा, नीरज खानगे और अमित ओसवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल बाइक और फोन भी जब्त करना है, इसलिए तीन दिन की रिमांड पर लिया है। गैंगस्टर आकाश ने पुलिस को बताया कि शादी के लिए पैसों की जरूरत थी। वसूली गई रकम का कुछ हिस्सा हल्दी वाले दिन शादी में खर्च कर दिया गया था। साथी आकाश उपाध्याय ने पुजारी को किडनैप कर वसूली का आइडिया दिया था। वह पुलिस तक न पहुंचे, इसके लिए उसे रेप केस में फंसाने और एक लड़की को पुजारी तक पहुंचाने की पूरी प्लानिंग आकाश उपाध्याय ने की थी। उसे बंधक बनाकर तौफीक उर्फ शूटर के ईदगाह हिल्स मल्टी स्थित फ्लैट में रखा था। गिरोह के सदस्य से थी पुजारी की दोस्ती डीसीपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि 26 वर्षीय पुजारी संजीव नगर में रहता है। उसकी दोस्ती आकाश भूरा गिरोह के सदस्य आकाश उपाध्याय से थी। आकाश ने 10 मार्च 2025 को पुजारी को जैन नगर स्थित अपने कमरे पर बुलाया और कहा कि एक परिचित युवती को लालघाटी से पिक कर यहां तक ले आओ। वह उसके बताए अनुसार युवती को कमरे तक लेकर आया। फ्लैट में बंधक बनाकर पीटा डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने पुजारी को पीटते हुए कहा कि बचना है तो 8 लाख रुपए दो। इसके बाद आरोपी जबरन उसे बाइक पर बैठाकर ले गए। वाजपेयी नगर की एक मल्टी में स्थित तौफीक के फ्लैट में पुजारी को बंधक बनाकर पीटा गया। आरोपियों ने उसके भाई को कॉल कर भाई को बचाने के एवज में 50 हजार रुपए ऑनलाइन वसूले और बाकी साढ़े सात लाख रुपए पांच किस्तों में देने के लिए कहा था। बात नहीं मानने पर लड़की को थाने भेजकर रेप केस दर्ज कराने की धमकी दी गई। 50 हजार रुपए वसूलने के बाद आरोपियों ने फरियादी को छोड़ दिया। इसके बाद 11 मार्च को पीड़ित थाने पहुंचा और FIR दर्ज करा दी। भाजपा युवा मोर्चा नेता की हत्या कर चुका है आकाश भोपाल में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाह की हत्या 18 मार्च 2024 को की गई थी। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी आकाश उर्फ भूरा हड्डी था। इसी मामले में करीब 18 महीने जेल में रहने के बाद चार महीने पहले आकाश जमानत पर रिहा हुआ था। सुरेंद्र की हत्या भोपाल सेंट्रल जेल के मुख्य द्वार के पास की गई थी। सुरेंद्र अपने एक साथी को पैरोल खत्म होने के बाद जेल छोड़कर लौट रहा था, तभी आकाश के इलीगल गैंग के गुर्गों ने उस पर हमला कर हत्या कर दी थी। इलाके में आठ साल से सक्रिय है गैंग इलीगल गैंग 2018 से सक्रिय है। गैंग में वाजपेयी नगर की मल्टी के करीब 50 से अधिक युवक शामिल हैं। सभी ने अपनी खास पहचान बनाने गर्दन पर इलीगल का टैटू बना रखा है। गिरोह के सरगना आकाश उर्फ भूरा पर हत्या सहित 31 केस दर्ज हैं। हाल ही में पुलिस गिरफ्त में आए गिरोह के अन्य पांच आरोपियों के खिलाफ भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपराधिक केस दर्ज हैं। पुजारी को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली के आरोप में गिरोह की सदस्य युवती की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। शराब तस्करी, अड़ीबाजी, रंगदारी और जुआ सट्टा है मुख्य कारोबार इलीगल गैंग अवैध शराब की तस्करी, अड़ीबाजी, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी जुआ और सट्टा अपना मुख्य कारोबार है। गिरोह के गुर्गे, पंचशील नगर, श्यामला हिल्स, टीटी नगर, कमला नगर, शाहजहांनाबाद और कोहेफिजा थाना क्षेत्र में एक्टिव हैं। आकाश पर ड्रग तस्करी और सुपारी लेकर मारपीट करने जैसे गभीर अपराध भी दर्ज हैं। …………………………….. घटना से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें ‘गैंगस्टर दूल्हे’ को मंडप से उठा ले गई भोपाल पुलिस भोपाल पुलिस बुधवार दोपहर गैंगस्टर दूल्हे आकाश बाजपेयी को मंडप से उठा ले गई। दूल्हा ‘इल्लीगल गैंग’ का सरगना है। साथियों के साथ मिलकर उसने पुजारी को बंधक बनाकर पीटा। रेप केस में फंसवा दूंगा कहकर 8 लाख की फिरौती मांगी थी। मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर… भोपाल में इलीगल गैंग के 6 गुर्गे गिरफ्तार भोपाल की कोहेफिजा पुलिस ने इलीगल गैंग के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी और उसके पांच गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है। भूरा को पुलिस ने शादी के मंडप से बुधवार को गिरफ्तार किया था। सभी ने एक पुजारी का अपहरण किया था और उससे 50 हजार रुपए की वसूली की थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
‘साहब, कस्टडी में ही फेरे करा दो’:भोपाल में मंडप से गिरफ्तार इलीगल गैंग के सरगना की दुल्हन थाने पहुंची, पुलिस से लगाई गुहार
