युवती को आत्महत्या के लिए विवश करने वाला आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि जनपद देवरिया के रहने वाले विजय कुमार ने इकोटेक तीन थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है कि उनकी 23 वर्षीय पुत्री वर्तमान में हबीबपुर गांव में किराये के मकान में रहती थी। वह पिछले तीन साल से एक ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कंपनी में कार्यरत थी। कंपनी में बुलंदशहर का रहने वाला विक्रांत शर्मा भी काम करता है। काम के दौरान आरोपित विक्रांत उनकी पुत्री के संपर्क में आया। आरोप है कि विक्रांत ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। जब युवती ने शादी का दबाव डाला तो आरोपित टालमटोल करने लगा और कथित रूप से उसकी अश्लील तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा। इस कारण युवती ने 16 सितम्बर को आत्महत्या कर ली थी। थाना पुलिस ने बताया कि आरोपित विक्रांत को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया गया है।