हरियाणा के यमुनानगर में ओल्ड सहारनपुर रोड पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार कपड़ा व्यापारी, उसकी पत्नी और उनके चार साल के बेटे की मौत हो गई। हादसा डंपर की वजह से हुआ, जो तेज रफ्तार से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर ने टक्कर मारने के बाद तीनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने भी जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान होने पर उनके परिवार को सूचना दी। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, तीनों उत्तराखंड के हरिद्वार के रहने वाले थे, जो आज बाइक से यमुनानगर से जा रहे थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि मृत महिला पांच माह की गर्भवती थी। इस परिवार की एक बेटी और है, जो हरिद्वार में दादी के पास रहती है। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुआ हादसा… उत्तराखंड के रहने वाले, यमुनानगर में कपड़ों का काम था : पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सचिन (29) पुत्र बबलू, उसकी पत्नी नेहा (27) और चार वर्षीय बेटे नोनू के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से झबरेड़ा, हरिद्वार (उत्तराखंड) के रहने वाले थे और हाल ही में यमुनानगर में चिट्टा मंदिर के पास किराए पर रह रहे थे। सचिन मीना मार्केट में कपड़ों का काम करता था। ओल्ड सहारनपुर रोड पर पांसरा फाटक के नजदीक हुआ हादसा: पुलिस के मुताबिक, सचिन और नेता आज सोमवार को अपने बच्चे के साथ बाइक से उत्तराखंड जा रहे थे। जैसे ही वे ओल्ड सहारनपुर रोड पर पांसरा फाटक के नजदीक पहुंचे, पीछे से आए डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से तीनों सड़क पर गिर पड़े और डंपर चालक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लिए, आरेापी डंपर चालक फरार हुआ : हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। उसकी क्षतिग्रस्त बाइक भी जब्त कर ली गई है। उधर, डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस कर रही डंपर चालक की तलाश : सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपी डंपर चालक की तलाश कर रही है। शवों का पोस्टमॉर्टम कल मंगलवार को कराया जाएगा। यह भी बताया कि अभी परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल, पुलिस ने अपने स्तर से मामले की जांच शुरू कर दी है। उजड़ा परिवार, बेटी अकेली रह गई
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। परिवार के मुताबिक, मृतक सचिन दो बच्चों का पिता था। उसकी पत्नी पांच माह की गर्भवती भी थी। हादसे का शिकार हुए चार साल के बेटे नोनू से बड़ी सात साल की बेटी है, जो उत्तराखंड में अपनी दादी के पास रहती है। इस हादसे में पूरा परिवार उजड़ गया, बस अब मासूम बेटी ही पीछे रह गई है।
यमुनागनगर में कपड़ा व्यापारी पति-पत्नी और बच्चे की मौत:तेज रफ्तार डंपर ने कुचला, उत्तराखंड के रहने वाले; 5 माह की गर्भवती थी महिला
