हरियाणा में सोमवार को मौसम खुश्क रहेगा। वहीं मंगलवार से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। मगर इसके बाद गर्मी में लगातार बढ़ोतरी होगी। इससे दिन और रात के तापमान में काफी इजाफा होगा। रविवार को ही प्रदेश में तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया। आधी फरवरी गुजरने के बाद प्रदेश में मौसम गर्म होने लगा है। यही कारण है कि रविवार को प्रदेश के पलवल में सबसे ज्यादा तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़ने लगा है। रविवार को अंबाला का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में ठंड समाप्त हो जाएगी तथा गर्मी की दस्तक पूरे प्रदेश में हो जाएगी। कल छाए रह सकते हैं बादल मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में 17 फरवरी को सक्रिय होने की संभावना है। इससे 17-18 फरवरी के दौरान सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और मेवात में बिखराव वाली हल्की बारिश की सम्भावना बन रही है। यहां छाए रहेंगे बादल इन जिलों के अलावा शेष हरियाणा विशेषकर उत्तरी और पूर्वी हरियाणा में पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत और सोनीपत में केवल आंशिक बादल छाए रहेंगे। बढ़ने लगेगा तापमान इस पश्चिमी विक्षोभ के बाद हवाओं की दिशा बदल जाएगी और तापमान में वृद्धि होगी और सामान्य से अधिक होने लगेंगे। दिन के तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस से 35.0 डिग्री सेल्सियस के बीच जबकि रात्रि तापमान भी 10.0 डिग्री सेल्सियस से 15.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएंगे।
हरियाणा में बढ़ने लगा तापमान, 30 डिग्री तक पहुंचा:17-18 को 12 जिलों में बूंदाबांदी के आसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक
