हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ से गिरा तापमान:प्रदेश में 3.4 डिग्री की आई गिरावट, आज भी उत्तरी हरियाणा के जिलों में बारिश की संभावना

Spread the love

हरियाणा में रविवार को मौसम में हुए बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और कई स्थानों पर हुई हल्की बारिश के कारण तापमान में यह कमी आई है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान महेंद्रगढ़ में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नारनौल में न्यूनतम तापमान सबसे कम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आज सोमवार को भी प्रदेश के उत्तरी जिलों में बारिश होने या बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मेवात में हुई सबसे ज्यादा बारिश बारिश की बात करें तो सबसे ज्यादा वर्षा मेवात के मंढोला क्षेत्र में 4.0 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा करनाल के इन्द्री में 3.5 मिमी और गुरुग्राम में 1.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अंबाला में भी हल्की बूंदाबांदी हुई, जहां 0.2 से 0.3 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। हिसार व सिरसा में भी गिरा पारा तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट हिसार और सिरसा में देखने को मिली। हिसार में पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 5.3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। अचानक आई इस गिरावट से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। 18 से फिर बदलेगा मौसम हरियाणा में 18-21 मार्च के दौरान कहीं-कहीं तेज गति की हवाओं अंधड़ आंधी (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने) व हल्की बारिश बूंदाबांदी और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। सामान्य के आसपास बना है तापमान मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने के कारण तापमान में कमी आई है। हालांकि विभाग के अनुसार अभी भी प्रदेश का तापमान सामान्य के आसपास ही बना हुआ है।