गंडई पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान भदेरा मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक बाबूलाल शोरी (55) और उनकी पत्नी सुनती बाई शोरी (51) के रूप में हुई है। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी राजेश देवदास अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी भगवती गोंड (35) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि संदेही मृतक दंपति के घर के ठीक सामने रहता था। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है। थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि संदेही से पूछताछ जारी है। वहीं हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है।
