तन्वी शर्मा ने रचा इतिहास, बनीं वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन फाइनल में पहुंचने वाली पांचवीं भारतीय

Spread the love

तन्वी ने सेमीफाइनल मुकाबले में चीन की एशियन जूनियर चैंपियनशिप्स की रजत पदक विजेता लियू सी या को सीधे गेम में 15-11, 15-9 से हराया। टूर्नामेंट की टॉप सीड तन्वी अब फाइनल में दूसरे वरीयता प्राप्त थाईलैंड की अन्यापत फिचितप्रीचासाक से भिड़ेंगी।

इस जीत के साथ ही 16 वर्षीय तन्वी वर्ल्ड जूनियर्स फाइनल में पहुंचने वाली पांचवीं भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे पहले अपर्णा पोपट (1996), साइना नेहवाल (2006, 2008), सिरिल वर्मा (2015) और शंकर मुथुसामी (2022) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

तन्वी ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल जीतकर पहले ही भारत के लिए पदक पक्का कर लिया था। वह 2008 में साइना नेहवाल के बाद पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप्स में पदक सुनिश्चित किया है—यानी 17 साल बाद भारत को घरेलू धरती पर पदक मिला है।

क्वार्टर फाइनल में तन्वी ने जापान की साकी मात्सुमोतो को रोमांचक मुकाबले में 13-15, 15-9, 15-10 से हराया था।