मुरादाबाद, 11 अक्टूबर । स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वाधान में मेरठ प्रांत की स्वदेशी संकल्प रैली के यात्रा रथ का शनिवार शाम को मुरादाबाद में आगमन हुआ। यह रैली आज रामपुर से प्रारंभ हुई है जो मुरादाबाद के बाद मेरठ प्रांत के अन्य जिले अमरोहा, संभल, बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बागपत,मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली से होकर 17 अक्टूबर को सहारनपुर पहुंचेगी जहां इसका भव्य समापन होगा।
विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो के आह्वान के साथ स्वदेशी संकल्प यात्रा रथ का स्वागत मुरादाबाद में इंपीरियल तिराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठन एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। मुरादाबाद पहुंचने पर यात्रा का शुभारंभ नगर विधानसभा से भाजपा नगर विधायक रितेश गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद नगर विधायक ने स्वदेशी संकल्प शपथ सभी उपस्थित जनों को दिलवाई और सिर्फ स्वदेशी वस्तुएं खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने कहा स्वदेशी ही राष्ट्र भक्ति की अभिव्यक्ति है। देश के रोजगार और व्यापार को बचाना है तो स्वदेशी ही एकमात्र विकल्प है।
अखिल भारतीय विचार विभाग प्रमुख डॉ राजीव कुमार ने कहा की स्वदेशी से हमें बहुत ताकत मिलेगी कोई भी हमें आंख नहीं दिखा पाएगा। विदेशी ऑनलाइन कंपनियों का बहिष्कार करें और सिर्फ स्वदेशी बाजारों से ही खरीदारी करें जिससे अपने देश के लोग समृद्ध हों।
