यमुनानगर में जगाधरी वर्कशॉप रोड स्थित एक निजी बैंक में उस समय हड़कंप मच गया, जब बैंक की छत पर बनी पेंटरी में सिक्योरिटी गार्ड का शव बरामद हुआ। मृतक की नाक से खून बह रहा था। सूचना मिलते ही फर्कपुर थाना पुलिस, सीआईए और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान मंसूरपुर गांव निवासी 26 वर्षीय विकास के रूप में हुई है। विकास दिल्ली की एक सिक्योरिटी कंपनी में कार्यरत था और बीते 5 महीनों से उक्त निजी बैंक की शाखा में तैनात था। उसकी ड्यूटी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक रहती थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह रोजाना बैंक शाखा बंद कर घर चला जाता था। दरवाजा तोड़कर अंदर गए बैंक कर्मचारी शुक्रवार सुबह जब बैंक कर्मचारी शाखा पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर प्रवेश करने पर छत पर बनी बैंक की पेंटरी में सिक्योरिटी गार्ड विकास का शव पड़ा मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया है। मार्च में थी भाई की शादी फर्कपुर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि नाक से खून बहने के कारण हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बैंक कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। उधर मृतक की मां भारती देवी ने बताया कि उसके पति की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। उसके दो बेटे हैं, जिसमें बड़ा बेटा हरीश और छोटा विकास था। मार्च में उसके बड़े बेटे की शादी होने वाली थी। ऐसे में विकास के लिए भी रिश्ता तलाश रहे थे, ताकि दोनों की शादी एक साथ हो जाए।
यमुनानगर में सिक्योरिटी गार्ड की संदिग्ध मौत:बैंक की पेंटरी में पड़ा मिला शव, हार्ट अटैक की आशंका, नाक से बह रहा था खून
