वाराणसी में कांग्रेस की संविधान संवाद रैली में पवन खेड़ा ने कहा-पिछले कई महीने से नरेंद्र मोदी पर जो संकट के बादल छाए हुए हैं वह काशी की देन है, मणकर्णिका की देन है। वो उन लाशों की देन है जो मां गंगा के आंचल में बह रही थीं। मां गंगा के आंसू बह रहे थे। लेकिन नरेंद्र मोदी जी को नहीं दिख रहे थे। ये श्राप यहीं से जा रहा है।जिसने काशी को धोखा दिया, वो मुझे और आपको क्या छोड़ेगा। जो मां गंगा के नाम से यहां आया, उसने मां गंगा को धोखा दिया। वो मुझे और आपको क्या मानेगा। सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री जब यहां मूर्तियां तोड़वाते हैं तो खून खौल उठता है। काशी का उल्लेख वेदों और पुराणों में मिलता है। काशी एक जीती-जागती सभ्यता है। काशी शिव की नगरी है और भक्ति की नगरी है। मुझे उस समय सुखद अनुभूति हुई थी, जब 2024 के चुनाव परिणाम सामने आ रहे थे और राउंड-दर-राउंड नरेंद्र मोदी हार रहे थे। इसके लिए मैं काशी की जनता को धन्यवाद देती हूं। रविवार को रैली में सांसद इमरान मसूद, सांसद किशोरी लाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी के 20 से अधिक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मंच पर नेताओं ने एक-दूसरे का हाथ थामकर एकजुटता का संदेश दिया। वहीं, कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए।
रैली में 15 मिनट की डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। इसमें बनारस के विकास कार्यों पर सवाल उठाए गए। विकास के नाम पर सनातन विरासत और परंपराओं से खिलवाड़ का आरोप लगाया। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का प्रयागराज में अपमान और काशी के ज्वलंत मुद्दों पर शहर के शास्त्री घाट पर रैली भी निकली। रैली में पूर्वांचल के जिलों से कांग्रेसी कार्यकर्ता जुटे हैं।
संविधान संवाद रैली से जुड़े पल-पल के अपडेट जानने के लिए नीचे लगे ब्लॉग से गुजर जाइए…
सुप्रिया श्रीनेत बोलीं- पीएम-सीएम ने मूर्तियां तुड़वाई तो खून खौला:जनता उन्हें खदेड़ेगी; काशी में संविधान संवाद रैली में जुटे कांग्रेसी
