हरियाणा के फरीदाबाद में व्यक्ति ने जंगल में जाकर पेड़ से फांसी लगा ली। व्यक्ति जमीन बेचने के बाद रुपए न मिलने से परेशान था। सुसाइड से पहले व्यक्ति ने 20 मिनट का वीडियो भी बनाया। साथ ही एक सुसाइड नोट भी छोड़ा। व्यक्ति ने सुसाइड नोट में पैसे न देने वाले भाजपा पार्षद के भाई समेत अन्य के नाम बताए। उसने यह भी कहा कि व्यक्ति ने फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाकर जमीन आगे बेच दी। जब उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी गई। सूरजकुंड थाना पुलिस ने व्यक्ति का शव कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिता के सुसाइड पर बेटे की अहम बातें… 2016 में बेची थी एक बीघा जमीन
मृतक की पहचान आनंगपुर घाटी तला मोहल्ला निवासी जयपाल भड़ाना (52) के रूप में हुई है। जयपाल के बेटे निखिल भड़ाना ने बताया कि पिता ने साल 2016 में अपनी एक बीघा जमीन देवेंद्र नामक व्यक्ति को बेची थी। सौदे के समय देवेंद्र ने कुछ रकम मौके पर दी थी, जबकि शेष रकम बाद में देने का वादा किया गया था। नकली पावर ऑफ अटॉर्नी बनाई
निखिल ने आरोप लगाया कि समय बीतने के बावजूद जब बाकी पैसे नहीं मिले तो पिता ने कई बार देवेंद्र से संपर्क किया, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। बाद में देवेंद्र ने कथित रूप से नकली पावर ऑफ अटॉर्नी का इस्तेमाल कर जमीन की रजिस्ट्री जग्गे नामक व्यक्ति के नाम कर दी और आगे बेच दी। जब पिता को इस धोखाधड़ी की जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी जमीन वापस मांगनी शुरू की। कब्जा लेने पहुंचे तो मारने की धमकी दी
बेटे ने कहा कि उन्होंने पिता को यह कहकर शांत कराया कि जमीन की कीमत ब्याज सहित लौटा दी जाएगी, लेकिन लंबे समय तक न तो पैसे मिले और न ही जमीन वापस हुई। जब पिता अपनी जमीन पर दोबारा कब्जा लेने पहुंचे तो जग्गे, दिनेश और विकल नामक व्यक्तियों ने उनके साथ झगड़ा किया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। 27 दिसंबर की सुबह घर से निकले, शाम को शव मिला
निखिल ने बताया कि इन घटनाओं के चलते उनके पिता मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगे थे। 26 दिसंबर को पिता देवेंद्र से मिलने उसके फार्महाउस गए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। 27 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे वे घर से यह कहकर निकले कि देवेंद्र से मिलने और सैर पर जा रहे हैं, लेकिन वापस नहीं लौटे। शाम को जब परिवार ने तलाश शुरू की तो करीब 2 किलोमीटर दूर जंगलों में मोबाइल की घंटी की आवाज के सहारे परिजन पहुंचे, जहां पिता का शव पेड़ से लटका हुआ था। 20 मिनट का वीडियो और सुसाइड नोट मिला
पुलिस जांच में जयपाल के पास से एक सुसाइड नोट और मोबाइल बरामद हुआ। सुसाइड नोट में जमीन विवाद का जिक्र करते हुए पांच लोगों के नाम लिखे गए हैं। निखिल ने बताया कि पिता के मोबाइल में मिले 19 मिनट 35 सेकेंड के वीडियो में उन सभी लोगों के नाम बताए हैं जिन्होंने जमीन के पैसे नहीं दिए और उन्हें धमकाया था। बेटे ने यह भी आरोप लगाया कि देवेंद्र वार्ड 23 से भाजपा पार्षद गजेंद्र भड़ाना लालजी का भाई है। हर बार जब पिता पैसे मांगने जाते थे, तो देवेंद्र राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर उन्हें धमका देता था। जांच अधिकारी बोले- पैसे न मिलने से तनाव में था
सूरजकुंड थाने के जांच अधिकारी ASI अमित कुमार ने बताया कि 27 दिसंबर की रात करीब 8 बजे पुलिस को एकांत एन्क्लेव, आनंगपुर के पास जंगल में आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन बेचने के बाद पैसे न मिलने और विवाद के चलते मृतक मानसिक तनाव में था। सुसाइड नोट के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौके पर मिला सुसाइड नोट….
जमीन के पैसे न मिलने पर जंगल में सुसाइड:फरीदाबाद में VIDEO बना BJP पार्षद के भाई पर आरोप लगाए, बोला- फर्जी डॉक्यूमेंट बनवा बेची
