पानीपत में बस अड्डे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने चलती बस के टायर के नीचे लेटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि बस ड्राइवर ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे व्यक्ति की जान बच गई। इस पूरी घटना का रूह कंपा देने वाला सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। मौत के लिए बस की ओर दौड़ा व्यक्ति जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी डिपो की एक बस पानीपत बस अड्डे से यात्रियों को बैठाकर चलने ही वाली थी, तभी अचानक एक व्यक्ति बस की ओर तेजी से दौड़ा और सीधे पिछले टायर के नीचे घुस गया। सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि व्यक्ति ने अपनी गर्दन ठीक टायर के नीचे रखने की कोशिश की। ड्राइवर की सूझबूझ और कंडक्टर की मुस्तैदी ड्राइवर ने व्यक्ति को बस की तरफ संदिग्ध रूप से भागते देख लिया था और इरादे भांपते हुए तुरंत ब्रेक लगा दिए। बस का पहिया व्यक्ति की गर्दन से महज एक इंच की दूरी पर रुक गया। यदि ड्राइवर एक सेकंड की भी देरी करता, तो गर्दन कुचली जाती। इसके तुरंत बाद कंडक्टर ने बस से नीचे उतरकर व्यक्ति को टायर के नीचे से बाहर खींचा। यूनियन बोलीं- CCTV न होता, तो ड्राइवर फंस जाता हरियाणा रोडवेज के राज्य प्रधान योगी चौहान ने बताया कि शुक्र है बस अड्डे पर कैमरे लगे थे। अक्सर सड़क हादसों में बिना सोचे-समझे रोडवेज ड्राइवर को दोषी मान लिया जाता है। अगर यह सीसीटीवी फुटेज नहीं होती, तो कानून और जनता ड्राइवर-कंडक्टर को ही दोषी मानती और रोडवेज को बदनाम किया जाता। फुटेज ने सब साफ कर दिया कि यह आत्महत्या की कोशिश थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि व्यक्ति की पहचान और आत्महत्या करने की कोशिश के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पानीपत बस स्टैंड पर सुसाइड की कोशिश, VIDEO:चलती हरियाणा रोडवेज के टायर के नीचे रखी गर्दन, ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाए
