नारनौंद में फंदे पर लटकी छात्रा:रास्ते में युवकों की छेड़छाड़ से परेशान थी; गंभीर हालत में ICU में दाखिल, 2 गिरफ्तार

Spread the love

हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ और धमकियों से परेशान होकर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने आत्महत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान साहिल और रॉबिन के तौर पर हुई है। दूसरी तरफ छात्रा की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उसका इलाज हांसी के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। गिरफ्तार किए गए साहिल और रॉबिन को पुलिस शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी। वहीं, अन्य दो आरोपी हरदीप और मद्दू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पॉक्सो एक्ट और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आत्महत्या के लिए उकसाने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। स्कूल आते-जाते समय करते थे परेशान परिजनों के अनुसार, गांव के ही कुछ युवक छात्रा को स्कूल आते-जाते समय रास्ते में रोककर परेशान करते थे। आरोपी उस पर जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाते थे और मना करने पर जान से मारने की धमकी देते थे। छात्रा ने यह बात अपनी मां को बताई थी, जिसके बाद परिवार ने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। भाई से की हाथापाई, स्टेडियम में मारपीट 22 मार्च को नाबालिग के भाई ने आरोपियों से बातचीत की तो उन्होंने उसके साथ हाथापाई की। उसी दिन शाम को गांव के खेल स्टेडियम में भी कुछ युवकों के साथ मिलकर भाई के साथ मारपीट की गई थी। 23 मार्च को घर में लगाई फांसी, समय रहते बचाई जान इन घटनाओं के अगले दिन, 23 मार्च की शाम को नाबालिग ने घर में चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मां ने समय रहते उसे देख लिया और परिजनों की मदद से नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी। हालांकि, उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की जानकारी जिला पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि नारनौंद पुलिस ने दो आरोपियों साहिल और रॉबिन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।