हरियाणा के 2 जिलों में पेट्रोल-डीजल पर मारामारी:डिपो से नहीं मिल रही सप्लाई, संचालक बोले- सिर्फ इमरजेंसी कोटा बचा; नायरा पेट्रोलियम ने रेट बढ़ाए

Spread the love

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का असर घरेलू गैस (LPG) के बाद अब पेट्रोल-डीजल पर भी पड़ने लगा है। हिसार और फतेहाबाद के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल को लेकर दिक्कत शुरू हो गई है। फतेहाबाद में दोहपर को पेट्रोल पंपों पर लंबी कतार दिखाई दी। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि यदि रात तक डिपो से सप्लाई नहीं आई तो उनके पास पेट्रोल और डीजल की दिक्कत शुरू हो जाएगी। संचालकों का यह भी आरोप है कि कंपनी के अधिकारी उनके फोन भी नहीं उठा रहे हैं, जिससे उन्हें सप्लाई संबंधी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। उधर, नायरा पेट्रोलियम ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया है। नायरा के पंप पर अब पेट्रोल ₹100.06 और डीजल ₹90.64 प्रति लीटर मिल रहा है। पहले पेट्रोल के रेट 95.06 रुपए और डीजल के 87.64 रुपए थे। हरियाणा पेट्रोलियम एसोसिएशन के प्रदेश अध्य्क्ष संजीव चौधरी का कहना है कि कल के बाद हालातों में उतार चढ़ाव नजर आएगा। फतेहाबाद में हालात बिगड़े, संचालक बोले- सिर्फ इमरजेंसी कोटा बचा फतेहाबाद में बीपीसीएल के पेट्रोल पंप पर डीजल पेट्रोल की सप्लाई मिलनी बंद हो गई है। पंप संचालक ललित मेहता ने बताया कि कंपनी की तरफ से हमें सप्लाई नहीं मिली। इसलिए अब ग्राहकों को भी पेट्रोल डीजल देना बंद कर दिया है। सिर्फ इमरजेंसी कोटा रखा है। हालांकि, कंपनी ने आश्वासन दिया है कि कल तक गाड़ी भेज दी जाएगी। मेहता ने बताया कि रोजाना 22 हजार लीटर तेल की सप्लाई उनको मिलती है। फतेहाबाद पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान गुरदीप सिंह ने बताया कि जिले में बीपीसीएल और एचपीसीएल के पंपों पर पर्याप्त सप्लाई नहीं आ रही है। दो तीन दिन तक गाड़ियां नहीं आ रही। इस कारण समस्या बढ़ी है। हालांकि, इंडियल ऑयल के पंपों पर अभी कोई दिक्कत नहीं है। प्रधान बोले- सप्लाई नहीं आने से ज्यादातर पेट्रोल पंप ड्राई होने के कगार पर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान प्रविंदर खत्री ने बताया कि बुधवार को सप्लाई नहीं आने के कारण ज्यादातर पेट्रोल पंप ड्राई होने के कगार पर हैं। सोनीपत जिले में इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और जियो-बीपी के करीब 80 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं। खत्री के अनुसार ज्यादातर पेट्रोल पंपों पर रोजाना डिपो से तेल की सप्लाई आती है, जिसे अगले दिन वितरित किया जाता है। यह क्रम लगातार चलता रहता है। इसमें बाधा आने पर कई पेट्रोल पंप ड्राई हो जाते हैं। कंपनी के अधिकारी को जब फोन किया गया तो उनका फोन भी रिसीव नहीं हो रहा है। सूबे के 23 जिलों में 3000 पेट्रोल पंप, हो रहा सप्लाई का इंतजार हरियाणा के सभी 23 जिलों में 3000 के करीब पेट्रोल पंप हैं। हरियाणा पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व विधायक शमशेर गोगी ने बताया कि आगे से पंपों पर सप्लाई नहीं आने के कारण ये दिक्कत हो रही है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान प्रविंदर खत्री ने बताया कि कालुपुर चुंगी, कंवाली मोड़ सहित कुछ पेट्रोल पंप डाई स्टेट में चले गए हैं। यहां पर बस एक दिन का ही पेट्रोल बचा है। फिलहाल कोई पैनिक जैसी स्थिति नहीं है लेकिन डिपो से तेल की सप्लाई नहीं आने से अधिकांश पेट्रोल पंप संचालक परेशान हैं। यदि आज रात या कल दोपहर तक डिपो से सप्लाई पंपों तक नहीं पहुंची, तो कई पेट्रोल पंप बंदी की कगार पर पहुंच जाएंगे, जिससे लोगों को दिक्कत होगी। पेट्रोलियम एसोसिएशन ने सीएम से संज्ञान लेने की अपील की उधर, पेट्रोलियम डीलरज वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके बताया कि सरकारी तेल कंपनियों (IOCL,HPCL,BPCL) द्वारा पेट्रोल पंप डीलरों से अग्रिम भुगतान लेने के बावजूद भी तेल की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इसके कारण प्रदेश के कई पेट्रोल पंप या तो पूरी तरह सूख (ड्राई हो) गए हैं या फिर केवल सीमित सप्लाई पर चल रहे हैं। कंपनी के बिक्री अधिकारीयों से बात करने पर उन्होंने बताया कि यह आदेश तेल कंपनियो के उच्चाधिकारियों से आए हैं। संजीव चौधरी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आग्रह किया की प्रदेश सरकार इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करके संज्ञान लें। —————————– ये खबर भी पढ़ें…. हिसार में कुछ पंपों पर डीजल खत्म:डीलरों को ज्यादा तेल ना देने की हिदायत, प्रधान बोले-लोग पैनिक ना हों, पूरा स्टॉक ईरान-इजरायल युद्ध के लंबे खींचने की आशंका के चलते लोगों ने तेल का स्टॉक करना शुरू कर दिया है। आज तेल की डिमांड एकदम बढ़ने से कई पंपों पर डीजल का स्टॉक खत्म हो गया है। हांसी और हिसार के कुछ पंपों पर डीजल खत्म होने की सूचना है। (पूरी खबर पढ़ें)