गुरुग्राम की ATS सोसाइटी में मेड और नौकरों की स्ट्राइक:फ्लैट से 15 लाख की चोरी, पुलिस से परेशान नहीं करने की मांग

Spread the love

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित सेक्टर 109 की प्रतिष्ठित ATS कोकून सोसाइटी में घरेलू नौकरों और मेड्स ने स्ट्राइक शुरू कर दी है। लगभग 60-70 कामगार सोसाइटी के मुख्य गेट पर जमा हैं, जिससे निवासियों को काफी परेशानी हो रही है। घरों में सफाई, खाना बनाने और अन्य दैनिक काम ठप हो गए हैं और कई परिवारों को ऑप्शनल व्यवस्था करने में मुश्किल हो रही है। दरअसल टावर 2 के फ्लैट नंबर 2113 में रहने वाली सीमा यादव के यहां 15 लाख की ज्वैलरी चोरी हुई है। सीमा यादव अपने परिवार के साथ रहती हैं, लेकिन एक महीने पहले उनके पति की मौत हो गई थी। तेरहवीं के मौके पर घर में हवन आयोजित किया गया था, जिसमें करीब 150 लोग शामिल हुए थे। उस दौरान घर में काफी चहल-पहल थी और इसी मौके का फायदा उठाकर चोरी की गई। बंगाल की रहने वाली मेड पर शक गुरुवार को फ्लैट मालकिन को चोरी का पता चला तो इसकी शिकायत पुलिस में की गई। सीमा यादव के घर पर वेस्ट बंगाल के मालदा जिले की रहने वाली अंतरा बीबी मेड के तौर पर काम करती हैं। चोरी की शिकायत कल दर्ज कराई गई, जिसके बाद बजघेड़ा थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की। निष्पक्ष जांच की मांग पुलिस ने शक के आधार पर अंतरा बीबी के पति अब्दुल राकिब को हिरासत में ले लिया। घरेलू नौकरों का आरोप है कि पुलिस ने अब्दुल राकिब के साथ ज्यादती की और रात 10-11 बजे छोड़ा। कामगारों का कहना है कि चोरी का आरोप बिना ठोस सबूत के लगाया गया है। वे मांग कर रहे हैं कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच करें। रेजिडेंट्स परेशान हो गए दूसरी तरफ, सोसाइटी के निवासी परेशान हैं। कई परिवारों में बच्चे और बुजुर्ग हैं, जिन्हें घरेलू मदद की सख्त जरूरत है। एक निवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हम समझते हैं कि कामगारों का गुस्सा जायज हो सकता है, लेकिन स्ट्राइक से रेजिडेंट्स की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। सोसाइटी प्रशासन और पुलिस को बीच का रास्ता निकालना चाहिए। पुलिस जांच कर रही बजघेड़ा थाना एसएचओ सुनील ने बताया कि चोरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। उन्होंने मेड के पति के साथ किसी तरह की मारपीट की बात से इनकार किया गया है। पुलिस ने सोसाइटी प्रशासन से भी बातचीत शुरू की है ताकि स्थिति सामान्य हो सके।