थाने में महिला की अजीब हरकत, पुलिस के हाथ-पांव फूले:पेट्रोल नहीं मिला, घोड़े पर दफ्तर आया बैंककर्मी; बर्थडे पर सीएम ने लिया ‘शक्ति का आशीर्वाद’

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर अब नजर आने लगा है। पहले एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरें आईं और अब पेट्रोल-डीजल की कथित कमी की चर्चाओं के बीच पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। इस बीच कुछ रोचक तस्वीरें भी सामने आई हैं। घोड़े पर सवार होकर दफ्तर पहुंचा बैंककर्मी
देवास में एक शख्स घोड़े पर सवार होकर अपने दफ्तर पहुंचा। यह शख्स एक बैंक कर्मचारी है। जब वह पेट्रोल भरवाने पहुंचा तो लंबी लाइन देखकर उसने अपना वाहन घर पर ही छोड़ दिया और घोड़े की लगाम थाम ली। इसके बाद वह उसी पर सवार होकर ऑफिस पहुंच गया। उसने इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। अब इस वीडियो की जमकर चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं कि अपने विकल्प तैयार रखना जरूरी है। पूर्व विधायक ने की छोटी फोर-व्हीलर की सवारी
पेट्रोल-डीजल की कथित किल्लत के बीच अशोकनगर में पूर्व विधायक जसपाल सिंह जज्जी अपने साथियों के साथ एक छोटी फोर-व्हीलर पर शहर की सड़कों पर घूमते नजर आए। उन्होंने खुद वाहन चलाया और उसका वीडियो भी बनवाया। बताया जा रहा है कि यह वाहन बैटरी से चलता है। ऐसे में इसे एक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल की लाइन से बचने के विकल्प मौजूद हैं। सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट में मीटिंग में घुसा युवक
निवाड़ी में एक युवक गैस सिलेंडर कंधे पर उठाकर कलेक्ट्रेट में चल रही मीटिंग में पहुंच गया। यह देखकर वहां मौजूद अधिकारी-कर्मचारी हैरान रह गए। युवक ने बताया कि उसने सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन उसे नहीं मिला। इस पर अधिकारियों ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया। हालांकि कुछ लोग इसे पब्लिसिटी स्टंट भी बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि यह प्रशासन के दावों की पोल खोलने वाली तस्वीर है। सिलेंडर की लाइन में मधुमक्खियों का हमला
उमरिया में गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगे लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ ने अपने कपड़ों और गमछों से खुद को ढंका। इसका वीडियो भी सामने आया है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि हालात और परेशानी अपनी जगह है, लेकिन आजकल हर घटना सोशल मीडिया पर कंटेंट बन जाती है। कुछ भी करो, सोशल मीडिया पर डालो। महिला की अजीब हरकत से पुलिस घबराई
ग्वालियर के भितरवार थाने में एक अजीब वाकया सामने आया। पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक दंपती को रोका गया और चालान के लिए बाइक की चाबी थाने के अंदर ले जाई गई। पति जब चर्चा के लिए थाने के भीतर पहुंचा, तभी उसकी पत्नी भी अंदर आ गई। अंदर आते ही महिला अचानक चिल्लाने लगी और अजीब हरकतें करने लगी। यह देखकर पुलिसकर्मी घबरा गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने युवक को बाइक की चाबी लौटा दी, चालान भी नहीं बनाया और महिला को प्रसाद के नाम पर 50 रुपये भी दिए। साथ ही युवक से कहा कि वह अपनी पत्नी को वहां से ले जाए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। सीएम ने लिया महिला शक्ति और किसान का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिन पर महिला शक्ति और अन्नदाता किसानों का आशीर्वाद लिया। भोपाल स्थित सीएम हाउस में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मेहंदी लगाकर उनसे मिलने पहुंचीं। महिलाओं ने हाथों पर ‘शक्ति का आशीर्वाद’ लिखकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा कि यह दिन उनके लिए बहनों के आशीर्वाद का दिन है। उन्होंने सभी का आभार जताया। इसके बाद सागर दौरे के दौरान वे किसान हरदास रैकवार के खेत पर पहुंचे, जहां पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत हुआ। सीएम ने पेड़ की छांव में खाट पर बैठकर भोजन किया। उन्हें बुंदेली व्यंजन जैसे कढ़ी, बिर्रा की रोटी, समा के चावल की खीर और खीचला-पापड़ परोसे गए। भोजन से पहले उन्होंने गौ माता को चारा भी खिलाया। अब लोग कह रहे हैं कि सत्ता में बने रहने के लिए महिला शक्ति और अन्नदाता दोनों का आशीर्वाद जरूरी होता है, और सीएम ने अपने जन्मदिन पर यही संदेश देने की कोशिश की है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), अशोक पटेल (देवास), संजीव यादव (अशोक नगर), मयंक दुबे (निवाड़ी), शैलेंद्र चतुर्वेदी (उमरिया), सलिल श्रीवास्तव (डबरा) ये भी पढ़ें –
सिंधिया के बेटे की भूल, श्रद्धांजलि की जगह शुभकामनाएं दी: कांग्रेस ने ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ खिलाया केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महानआर्यमन सिंधिया से एक चूक हो गई। उन्होंने शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि की जगह शुभकामनाएं दे डालीं। वे अशोक नगर के मुंगावली में क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ करने आए थे। यहां उन्होंने कहा- भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु दिवस पर सबको शुभकामनाएं। पूरी खबर पढ़ें