पंचकूला में बीती रात कुछ शरारती तत्वों ने एक घर पर पथराव कर दिया। इस हमले में घर की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। शोर सुनकर बाहर निकले लोगों को आरोपियों ने सरेआम जान से मारने की धमकियां भी दीं। सूचना के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार, पंचकूला के रैली गांव में रात करीब 11:30 बजे 107 नंबर के सामने स्थित एक घर पर कुछ लोगों ने अचानक पथराव कर दिया। इस दौरान कई घरों के शीशे टूट गए और मौके पर मौजूद लोगों को जान से मारने की धमकियां दी गईं। ग्रामीणों में फैली दहशत पथराव की आवाज सुनकर जब गांव के लोग अपने घरों से बाहर निकले, तो सभी शरारती तत्व मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मौके पर पहुंची डायल 112 टीम घटना की सूचना तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पुलिसकर्मियों ने केवल यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि संबंधित लोग थाने जाकर शिकायत दर्ज कराएं, जिसके बाद वे वापस लौट गए। ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से गांव का माहौल खराब हो रहा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पंचकूला में रात को घरों पर पथराव:खिड़कियों के शीशे टूटे; घरों से बाहर निकले लोग, हमलावर धमकी देकर फरार
