गुरुग्राम में एनएच-48 पर स्थित हीरो होंडा चौक पर बने व्यस्त अंडरपास में सोमवार शाम करीब 9 बजे अचानक पत्थर गिरने लगे। पत्थर गिरने से वाहन ड्राइवरों में दहशत फैल गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे टूट गए, जबकि कई गाड़ियों की छत और बोनट में नुकसान हुआ है। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वाहन ड्राइवरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद पहले ईआरवी और फिर सेक्टर 37 थाने से पुलिस टीम पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजी समय होने से अंडरपास में वाहनों की लंबी काफी थी। अचानक ऊपर से पत्थर बरसने की आवाज आई और देखते ही देखते कई कारों के विंडशील्ड और साइड ग्लास चकनाचूर हो गए। गाड़ियों की लाइन लग गई जिस भी गाड़ी पर पत्थर लगा, वह साइड में खड़ी कर दी गई और कार सवार लोग बाहर निकले। उन्होंने ऊपर जाकर भी देखा, लेकिन वहां भी ऐसा कोई कुछ नहीं मिला, जिससे पता चल सके कि पत्थर कहां से आ रहे हैं। अचानक पत्थर गिरने लगे प्रत्यक्षदर्शी मोहित ने बताया कि अचानक तेज धमाका हुआ और शीशे पर पत्थर गिरे। मैंने ब्रेक लगाई, लेकिन कार का आगे का शीशा पूरी तरह टूट गया। कई यात्री अपनी गाड़ियां छोड़कर बाहर निकले और सुरक्षित जगह पर पहुंचे। अंडर पास बंद करवा दिया: एसएचओ इस संबंध में सेक्टर 37 थाने के एसएचओ मंजीत ने बताया कि ईआरवी और थाने की टीम मौके पर पहुंच गई है। सभी गाड़ियों को बाहर निकाला गया है। राहत की बात ये है कि किसी ड्राइवर या पैसेंजर को चोट नहीं लगी है। फिलहाल अंडर पास को बंद करवा दिया गया है।
गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक अंडरपास में गिर रहे पत्थर:एक दर्जन कारों के शीशे टूटे, गाड़ियां छोड़कर बाहर निकले लोग, पुलिस ने ट्रैफिक रोका
