नूंह में पंचायत के दौरान पथराव:दो पक्षों में लाठी-डंडे चले, हेलमेट पहनकर फेंके पत्थर,15 घायल; विवाद सुलझाने के लिए बुलाई थी पंचायत

Spread the love

नूंह जिले के अलावलपुर गांव में शुक्रवार शाम एक पंचायत के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान लाठी-डंडे चले और जमकर पथराव हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के करीब 15लोग घायल हो गए। कई घायलों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। यह विवाद 9 तारीख को गांव की एक चाय की दुकान पर दो युवकों के बीच हुई कहासुनी को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत के दौरान भड़का। पंचायत में अलावलपुर, मलाई, ढकलपुर, सिकरावा और घुड़ावली सहित आसपास के कई गांवों के सरपंच और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। पंचायत के फैसला सुनाने से पहले किया पथराव
जानकारी के अनुसार, पंचायत अपना फैसला सुनाने ही वाली थी कि अचानक एक पक्ष के कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और दूसरे पक्ष के लोग भी लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इस दौरान कई लोग सुरक्षा हेलमेट पहनकर पथराव करते देखे गए, वहीं कुछ महिलाएं भी पथराव में शामिल थीं। घटना में घायल हुए करीब 15 लोगों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल नूंह पहुंचाया गया। जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक भेजा गया है। किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। हालांकि, जयसिंहपुर पुलिस चौकी प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।