सोनीपत में रेलवे ट्रैक पार करना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सोनीपत रेलवे स्टेशन के नजदीक किलोमीटर स्टोन 41 के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
रेलवे ट्रैक के पास मिला अज्ञात शव
जांच अधिकारी विकास मलिक ने बताया कि स्टेशन मास्टर की ओर से जीआरपी पुलिस को सूचना दी गई थी कि रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान मृतक की पहचान विकास निवासी कबीरपुर के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शव की शिनाख्त की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा शव
शिनाख्त के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे लाइन पार करते समय हुआ हादसा
जांच अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा उस समय हुआ जब मृतक रेलवे लाइन पार कर रहा था। करीब 11 बजे के आसपास सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है।जांच अधिकारी विकास मलिक ने बताया कि जीआरपी पुलिस समय-समय पर आमजन से अपील करती रही है कि रेलवे लाइन पार करते समय पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक पार करना बेहद खतरनाक है और इससे जान का गंभीर खतरा बना रहता है। जरूरत पड़ने पर हमेशा फुटओवर ब्रिज या अंडरपास का ही इस्तेमाल करें।
सोनीपत युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत:ट्रैक को पार करने के दौरान हुआ हादसा; पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को शव सौंपा
