सोनीपत पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एनकाउंटर के बाद इनामी बदमाश अनुज उर्फ डॉक्टर को पकड़ा है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसके पास से अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुई है।
एसटीएफ टीम के इंस्पेक्टर योगेंद्र की अगवाई में खरखौदा क्षेत्र में बुधवार देर रात मुठभेड़ हुई। रेवाड़ी में हत्या समेत अन्य आपराधिक मामलों में अनुज फरार चल रहा था। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने बदमाश के पैर में गोली मारकर उसे काबू कर लिया। रेवाड़ी पुलिस ने गोकलगढ़ के अनुज उर्फ डॉक्टर पर 5 हजार का पुरस्कार रखा था। उसके खिलाफ मर्डर, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और नशा तस्करी जैसे 6 केस दर्ज हैं।
जानिए पूरा मामला… रेवाड़ी में अपहरण के बाद हत्या की गई
15 अक्तूबर 2025 को रेवाड़ी में अपहरण के बाद हत्या की एक सनसनीखेज वारदात हुई। अंकित को पहले अगवा किया गया। अपहरण के बाद आरोपियों ने अंकित के साथ बेरहमी से मारपीट की। घायल अवस्था में अंकित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह वारदात अचानक नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश के तहत अंजाम दी गई थी।
वारदात में अनुज उर्फ डॉक्टर की भूमिका सामने आई
जांच के दौरान अनुज उर्फ डॉक्टर की भूमिका सामने आई। घटना के बाद से ही अनुज पुलिस की पकड़ से बाहर था और लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन वह लंबे समय तक कानून से बचता रहा। पुलिस को देख बदमाश ने की फायरिंग
इसी बीच सोनीपत एसटीएफ की टीम को खरखौदा में संदिग्ध के घूमने की सूचना मिली थी। एसटीएम ने प्रताप डेयरी के पास संदिग्ध को पकड़ने की कोशिश की तो वह भागने लगा। उसने पुलिस पर फायरिंग भी की। आत्मरक्षा में जवाबी फायर, बदमाश घायल
पुलिस पार्टी पर लगातार फायरिंग के चलते एएसआई राजेंद्र ने आरोपी के पैरों की ओर दो राउंड फायर किए। गोली लगने से आरोपी जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद टीम ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया। आरोपी के पास देसी पिस्तौल बरामद की गई। कुख्यात अपराधी अनुज उर्फ डॉक्टर की पहचान
मुठभेड़ की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम सोनीपत को दी गई। घायल को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए बदमाश की पहचान रेवाड़ी के गांव गोकुलगढ़ निवासी अनुज उर्फ डॉक्टर के रूप में हुई। पुलिस पर जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में खरखौदा में मामला दर्ज किया गया है।
10-11 जनवरी को रेवाड़ी में एनकाउंटर हुआ
रेवाड़ी सीआईए ने 10-11 जनवरी की रात को मीरपुर यूनिवर्सिटी के पास एनकाउंडर किया था। जिसके बाद पुलिस ने चार बदमाशों का गिरफ्तार किया था। जिनमें से इनामी बदमाश गोकलगढ़ निवासी हर्ष उर्फ तोतला उर्फ चीता, नीरज उर्फ अज्जु, रोहतक निवासी विकास उर्फ मोटू और जींद के गुड़ा खेड़ा निवासी रितिक शामिल थे। चीता और मोटू को गोली लगी थी, जबकि अज्जु और रितिक ने सरेंडर कर दिया था।
सोमवार रात हुआ था दूसरा एनकाउंटर
धारूहेड़ा सीआईए और गुरुग्राम एसटीएफ ने सोमवार रात दूसरा एनकाउंटर किया था। सोनीपत निवासी जयभगवान उर्फ सोनू को पकड़ा था। सोनू पर मर्डर, हत्या प्रयास, लूट व डकैती समेत 21 केस दर्ज हैं। इनमें से 10 केस मर्डर के हैं। एनकाउंटर में बदमाश ने पांच और पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की थी। वह व्यापारी मोहल हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
कुछ और बदमाशों की तलाश चल रहीः डीएसपी
रेवाड़ी डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने कहा कि सोनीपत में खरखौदा के सांपला बाईपास पर एसटीएफ ने हमारे इनामी बदमाश का एनकाउंटर किया है। हमें भी आरोपी अनुज उर्फ डॉक्टर की तलाश थी। कुछ और आरोपियों की भी तलाश है, जिसके लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
