सोनपुर मेला में पहली बार आयोजित हो रहा ‘सोनपुर आइडल’, 7 दिसंबर को ग्रैन्ड फिनाले की जज होंगी पार्श्वगायिक अनुराधा पौडवाल

sonepur-idol-is-being-organised-for-the-first-time
Spread the love

प्रतियोगिता के अगले चरणों का आयोजन 2, 5 एवं 7 दिसंबर को सोनपुर मेला के मुख्य मंच पर किया जाएगा। जिला प्रशासन के अनुसार यह प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न होगी, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले। 2 दिसंबर को होने वाले क्वार्टर फाइनल में प्रतिभागियों का मूल्यांकन प्रसिद्ध पार्श्व गायक कुमार सत्यम द्वारा किया जाएगा, जो संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं।

क्वार्टर फाइनल के बाद प्रतिभागियों को अगली चुनौती 5 दिसंबर को होने वाले सेमीफाइनल राउंड में मिलेगी। सेमीफाइनल की मुख्य जज लोकप्रिय पार्श्व गायिका अनन्या मिश्रा होंगी, जिन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है।

प्रतियोगिता का सबसे अहम चरण, यानी ग्रैंड फिनाले, 7 दिसंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर जज की भूमिका देश की विख्यात पार्श्वगायिका अनुराधा पौडवाल निभाएंगी, जिनकी मौजूदगी प्रतिभागियों के लिए एक प्रेरणा का स्रोत होगी। फिनाले के आयोजन को लेकर मेला परिसर में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम को भव्यता और सुचारुता के साथ संपन्न कराया जा सके।

सारण के जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि सोनपुर आइडल इस वर्ष मेले में किया गया एक बड़ा और नया प्रयोग है, जो युवाओं को मंच प्रदान करने और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अमन समीर के मार्गदर्शन में सोनपुर मेला में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें मेले से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सदियों पुरानी परंपराओं का सोनपुर मेला प्रतीक रहा है, लेकिन बदलते समय के साथ प्रशासन का प्रयास है कि इसमें आधुनिकता और नवाचार को भी शामिल किया जाए। आने वाले वर्षों में भी युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें मेले से जोड़ने के लिए और भी नए प्रयोग किए जाएंगे।