पलवल जिले के होडल स्थित हसनपुर चौक पर दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। करीब 17-18 हमलावरों ने उसके पिता के सामने ही बेटे ऋतिक के हाथ-पैर तोड़ दिए। हमलावर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। होडल थाना पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत पर 12 नामजद सहित 17 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिता के सामने बेटे पर हमला, चौक पर मचा हड़कंप होडल के वार्ड नंबर चार निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे वह अपने बेटे ऋतिक के साथ हसनपुर चौक पर खड़े थे। तभी बेढा पट्टी गांव निवासी नीरू, सुरेंद्र उर्फ डकरा, राकू, हेमंत, सोनू, सुनील, जीतू, हरेन्द्र, संतोष, सतबीर, धर्मसिंह और बच्चू सिंह अपने पांच अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। लोहे की रॉड और कट्टे की बट से किया हमला दिनेश कुमार के अनुसार, आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब ऋतिक ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया। नीरू ने ऋतिक के हाथ पर लोहे की रॉड से वार किया, जबकि राकू ने देसी कट्टे की बट से उसके सिर पर हमला किया। हेमंत और सुरेंद्र ने लाठी और रॉड से वार कर ऋतिक के हाथ-पैर तोड़ दिए। घायल को जमीन पर गिराकर पीटा, हवा में लहराया कट्टा अन्य आरोपियों ने घायल ऋतिक को जमीन पर गिराकर डंडों से बुरी तरह पीटा। जब मौके पर भीड़ जुटने लगी, तो हमलावर दहशत फैलाने के लिए हवा में कट्टा लहराते हुए फरार हो गए। जाते समय उन्होंने दिनेश कुमार के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने 17 आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला होडल थाना पुलिस ने दिनेश कुमार की शिकायत के आधार पर नीरू, सुरेंद्र उर्फ डकरा, राकू, हेमंत, सोनू, सुनील, जीतू, हरेन्द्र, संतोष, सतबीर, धर्मसिंह और बच्चू सिंह सहित कुल 17 युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पलवल के होडल में पिता के सामने बेटे पर हमला:हमलावरों ने हाथ-पैर तोड़े; परिवार को जान से मारने की धमकी दी
