यमुनानगर में फौजी की पत्नी की हत्या:घर में घुसकर चाकू से काटी गर्दन, कई वार किए; पति जम्मू-कश्मीर में तैनात

Spread the love

हरियाणा के यमुनानगर में एक हमलावर ने फौजी की पत्नी की हत्या कर दी। घर में घुसकर चाकू से महिला की गर्दन काट दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने गर्दन पर कई वार किए। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उन्हें जगाधरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि अधिक खून निकलने और गर्दन की नस कटने की वजह से महिला की मौत हुई है। महिला के पति की पोस्टिंग जम्मू- कश्मीर में है। सूचना मिलते ही थाना छपरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और पोस्टमॉर्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटनास्थल के पास एक चाकू भी बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि इसी चाकू से महिला की हत्या की गई है। मां के पास रहती थी महिला घटना थाना छपरा के भंभोल गांव में हुई। परिजनों का कहना है कि मोनिका (34) अपने रूम में सो रही थी। रात करीब साढ़े 11 बजे एक व्यक्ति ने रूम में घुसकर मोनिका के ऊपर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने उनकी गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए। मोनिका के चिल्लाने की आवाज सुनकर जैसे ही अन्य परिजन पहुंचे, तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया। अंबाला में हुई थी महिला की शादी मोनिका की शादी 10 साल पहले अंबाला कलरेड़ी गांव के जसबीर सिंह के साथ हुई थी। मोनिका के पिता की करीब 3 साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से ही मोनिका मां के साथ यमुनानगर में ही रह रही थी। उसके साथ उसका सात वर्षीय बेटा भी नानी के घर ही रहता था। फोरेंसिक टीम ने सर्च किया घर सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोनिका के शव को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। हालांकि अभी वारदात के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर पूरा घर भी सर्च किया। इस दौरान पुलिस पास की नाली में पड़ा एक चाकू मिला। चाकू को कब्जे में लेकर जांच के लिए भिजवा दिया गया है। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं।