फतेहाबाद जिले के गांव महमदकी में जमीन विवाद को लेकर हुए युवक के हत्याकांड के बाद ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने बड़ा फैसला लिया है। सरपंच प्रतिनिधि के अनुसार, ग्रामीणों ने इस हत्याकांड में शामिल तीन परिवारों का सामाजिक बहिष्कार कर दिया है। 18 जनवरी को हुई थी हत्या यह घटना 18 जनवरी की है, जब गांव महमदकी निवासी 28 वर्षीय जगविंदर सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन विवाद के चलते जगविंदर के पिता अवतार सिंह और भाई तरनप्रीत सिंह ने ही उसकी हत्या की साजिश रची थी। सुपारी देकर करवाई थी हत्या रतिया की एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि जगविंदर की हत्या के लिए उसके पिता अवतार सिंह और भाई तरनप्रीत सिंह ने गांव के ही अवतार और चमकौर सिंह को 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी। सुपारी लेने वाले दोनों आरोपियों ने खेत में गए जगविंदर की कस्सी से गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। पंचायत ने किया सामाजिक बहिष्कार का ऐलान गांव के सरपंच प्रतिनिधि हरदेव सिंह ने बताया कि पूरे गांव ने मिलकर यह निर्णय लिया है कि इस हत्याकांड के सभी साजिशकर्ताओं और हत्यारों के परिवारों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। किसी भी ग्रामीण को उनके साथ मेलजोल रखने की अनुमति नहीं होगी। यह भी तय किया गया है कि जो व्यक्ति इन बहिष्कृत परिवारों से संबंध रखेगा, उसका भी सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस ने इस मामले में मृतक जगविंदर के पिता अवतार सिंह और भाई तरनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फतेहाबाद में महमदकी हत्याकांड में 3 परिवारों का सामाजिक बहिष्कार:बाप-बेटे ने सुपारी देकर कराया मर्डर; पंचायत बोली- मेलजोल रखने वालों को मिलेगी सजा
