देशभर में आज ईद मनाई जा रही है। मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ने के लिए लोग इकट्ठे हो रहे हैं। ईद-उल-फित्र के मौके पर राजस्थान के अजमेर में ख्वाजा गरीब नवाज दरगाह शरीफ में सुबह 5 बजे दरगाह का ‘जन्नती दरवाजा’ खोला गया। इधर, मध्य प्रदेश के भोपाल में शिया समुदाय ने फतेहगढ़ इमामबाड़ा में काली ईद मनाई। नमाज के बाद अमेरिका और इजराइल मुर्दाबाद के नारे लगे। लोग काली पट्टी लगाकर पहुंचे। इमामबाड़ा में आयतुल्लाह अली खामेनेई की तस्वीर रखकर श्रद्धांजलि दी गई। तकरीर में मौलाना राजी उल हसन ने जुल्म के खिलाफ खड़े होने की बात कही। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी X पोस्ट के जरिए ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा- सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम बहनों और भाइयों को हार्दिक बधाई। यह त्योहार आत्मसंयम, सेवा, परोपकार एवं वंचितों के लिए दया का भाव रखने की सीख देता है। पीएम मोदी ने भी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने X पर लिखा- ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। कामना है कि यह दिन चारों ओर भाईचारे और सद्भावना को और अधिक बढ़ाए। सभी लोग सुखी और स्वस्थ रहें। देशभर में ईद के जश्न से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए….
देशभर में ईद-उल-फित्र आज:भोपाल में नमाज के बाद अमेरिका-इजराइल मुर्दाबाद के नारे लगे; अजमेर शरीफ दरगाह में जन्नती दरवाजा खोला गया
