नेत्र कुंभ और सेना की ‘आवा’ सहित 6 को मिलेगा संत ईश्वर फाउंडेशन का विशिष्ट सेवा सम्मान, 12 को सेवा सम्मान : कपिल खन्ना

Spread the love

दिल्ली में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद के दिल्ली प्रांत अध्यक्ष एवं संत ईश्वर फाउंडेशन के अध्यक्ष कपिल खन्ना ने बताया कि सेवा के लिए समर्पित लोगों को बिना किसी नामांकन प्रक्रिया के चुना जाता है और यह सम्मान एक दशक पुराने संकल्प का परिणाम है। इस साल के प्रोग्राम के बाद इस अवार्ड के जरिए देश के 151 सेवा साधकों को सम्मानित कर दिया जाएगा और लगभग तीन करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जा चुकी होगी। यह सम्मान समाज सेवा की चार श्रेणियों महिला एवं बाल विकास, वनवासी कल्याण, कृषि सेवा और विशेष योगदान के लिए दिया जाता है। हर श्रेणी में एक विशिष्ट सेवा सम्मान भी प्रदान किया जाता है।

कपिल खन्ना ने कहा कि संत ईश्वर फाउंडेशन का उद्देश्य है कि उन सच्चे सेवा साधकों को ढूंढा जाए जो बिना प्रचार-प्रसार के समाज की निस्वार्थ सेवा में जुटे हैं। यही कारण है कि इस सम्मान के लिए कोई नामांकन प्रक्रिया नहीं रखी गई है। चयन समिति स्वयं देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर ऐसे लोगों की खोज करती है। चयन के बाद निर्णायक मंडल उनके कार्यस्थल पर जाकर मूल्यांकन करता है और फिर सम्मान की घोषणा की जाती है।