गोरखपुर में एक युवक ने अपनी सगी छोटी बहन को नहर के पानी में डुबोकर मार डाला। इसके बाद घर से कुछ ही दूर एक खेत में उसकी लाश फेंक दी। कुछ देर बाद खुद थाने पहुंचा और कहा- मैंने अपनी बहन की हत्या कर दी है। लाश खेत में पड़ी है। युवक ने बताया- मेरी बहन का अफेयर चल रहा था। उसे कई बार समझाया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी। इसीलिए जान से मार दिया। इसके बाद उसने खेत से बहन की लाश भी बरामद कराई। पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या कैसे हुई, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। घटना कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की है। 2 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से जानिए भौराबारी गांव में आदित्य यादव अपने एक भाई और 2 बहनों के साथ रहता है। आदित्य सभी भाई-बहनों में सबसे बड़ा है। उसके पिता अमरजीत की मौत हो चुकी है। आदित्य की छोटी बहन नित्या यादव (18) 12वीं में पढ़ती थी। आदित्य का कहना है कि बहन का इलाके में ही रहने वाले एक युवक से अफेयर था। बहन को कई बार मना किया, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर सोमवार को नहर में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। अब पढ़िए आरोपी भाई ने जो कुछ बताया सोमवार सुबह आदित्य अपनी बहन के पीछे-पीछे निकला था। इसी बीच जब वह धामिना नहर के पास पहुंची, तो वहां उसे पकड़कर नहर में डुबो दिया। जब वह तड़प-तड़पकर मर गई, तो घर से करीब ढाई किमी दूर उसकी लाश धान के खेत में फेक दी। आदित्य ने बताया- पिता की मौत के बाद से मैं ही घर का सारा खर्च उठाता हूं। बाहर जाकर मजदूरी भी करता हूं। छोटे भाई को गोरखपुर शहर में भेजकर पढ़ा रहा हूं। दोनों बहनों की पढ़ाई पूरी करा रहा हूं। इधर 3 साल से मेरी बहन नित्या का इलाके के ही एक युवक से अफेयर चल रहा था। मैं बार-बार समझाता था कि उस लड़के से बात मत किया करो। लेकिन, वह मानने को तैयार नहीं थी। रविवार शाम घर से निकली, पूरी रात वापस नहीं लौटी
आदित्य ने बताया- रविवार की शाम नित्या घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं आई। काफी खोजने के बाद सोमवार सुबह 9 बजे मुझे चौमुखा गांव स्थित एक रेस्टोरेंट के पास वह मिल गई। वह रात भर उसी लड़के साथ थी। किसी तरह उसे समझाकर बाइक से घर लेकर आ रहा था। रास्ते में भी उसे समझाने की कोशिश की। इस पर नित्या कहने लगी कि उस लड़के को नहीं छोड़ सकती। इसके बाद घर ढाई किमी पहले सुनसान जगह देखकर मैंने गाड़ी रोकी। बहन को नहर के पास बात करने के लिए लेकर गया। वहां पहले उसकी अच्छे से पिटाई की। इसमें उसका सिर भी फट गया। फिर उसे जान से मारने के लिए नहर के पानी में डुबो दिया। बहन की हत्या कर डेढ़ घंटे वहीं बैठा रहा, फिर थाने चला गया
आदित्य ने बताया- यह घटना सोमवार सुबह 9.30 बजे की है। बहन की मौत के बाद डेढ़ घंटे तक मैं वहीं नहर के किनारे बैठा रहा। फिर वहां से उठकर कैंपियरगंज थाने पहुंचा। खुद ही पुलिस को सारा घटनाक्रम बताया। मैंने बताया कि बहन की हत्या कर दी है। पुलिस को साथ लेकर आया, उसकी लाश नहर से निकलवाई। आदित्य ने बताया- बहन को उसके भले के लिए समझाता था। वह नहीं समझी, तो यह कदम उठाना पड़ा। घटना की सूचना के बाद मां समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। कैंपियरगंज पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। थाना प्रभारी राकेश रोशन ने बताया- जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद पता चल पाएगा कि किस तरह से हत्या की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
———————- ये खबर भी पढ़ें… लड़की को छेड़ा…अब टूटा हाथ लेकर रो रहा, VIDEO, मेरठ में एक हाथ से कान पकड़कर गिड़गिड़ाया- साहब गलती हो गई मेरठ में एक युवक ने लड़की को बीच सड़क रोक कर छेड़छाड़ की, विरोध करने पर उसे पीटा और गला दबाकर मारने की कोशिश की। छेड़छाड़ का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने रविवार को उसे अरेस्ट कर लिया। अब आरोपी पुलिस की गिरफ्त में टूटा हाथ लेकर गिड़गिड़ा रहा है। आरोपी का पुलिस कस्टडी में एक वीडियो सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर…
बहन का अफेयर…भाई ने नहर में डुबोकर मार डाला:नहर में लाश फेंकी; गोरखपुर में थाने जाकर बोला- मैंने हत्या की है
