बहन समझाती थी, इश्क में पागल मत हो, करियर बना:मुरादाबाद में जिसके लिए बहन को 84 चाकू मारे, वो सिर्फ ऑनलाइन मोहब्बत थी

Spread the love

मुरादाबाद में जुड़वा बहन को चाकू से 84 वार करके मौत के घाट उतारने वाला भाई हार्दिक जेल की सलाखों में पहुंच गया है। पुलिस पूछताछ में वो बहकी-बहकी बातें करता रहा। बोला- मेरी मुस्लिम प्रेमिका को उसके घर वाले टॉर्चर करते थे। मेरी वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई। हैरानी की बात ये है कि जिस प्रेमिका के लिए इंजीनियर हार्दिक ने अपनी बहन हिमशिखा को नृशंसता से मार डाला और मां पर कातिलाना हमला किया, उससे वो कभी मिला तक नहीं था। ये सिर्फ उसका ऑनलाइन इश्क था। इंस्टाग्राम पर ही उसकी प्रेमिका से मुलाकात हुई थी। CO सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता के मुताबिक, पूछताछ में हार्दिक ने बताया कि वो पिछले करीब डेढ़ साल से पुणे की रहने वाली मुस्लिम युवती के साथ रिलेशनशिप में था। उसकी पहचान उस युवती से सिर्फ इंस्टाग्राम पर हुई थी। इंस्टाग्राम पर ही दोनों घंटों-घंटों बातें करते थे और साथ-जीने मरने की कसमें खाई थीं। वो अपनी इस ऑनलाइन प्रेमिका से शादी करना चाहता था। लेकिन, बहन और मां सलाह देते थे कि इश्क में पागल मत हो, ये उम्र करियर बनाने की है। इस बीच प्रेमिका को भी उसके घर वालों ने टॉर्चर करना शुरू कर दिया था। वो उसे पीटते थे और अक्सर परेशान करते थे। हार्दिक बोला- मैं उसे बहुत चाहता था। मैंने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी थी। मुझे उसे लेकर बहुत डर लगता था। मैंने उसके घर वालों से कहा भी था कि जो कुछ हुआ है उसकी गलती मेरी है। लेकिन वो सुनने को तैयार ही नहीं थे। सब्जी काटने के चाकू से किया बहन का नृशंस कत्ल
पुलिस ने हार्दिक को अरेस्ट करने के बाद हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया। हार्दिक ने सब्जी काटने वाले चाकू से ही बहन को नृशंसता से कत्ल किया था। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने हार्दिक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अस्पताल में सिसक रही मां, बेटी का कत्ल, बेटा जेल पहुंचा
बेटे के हाथों जख्मी होने के बाद मां नीलिमा अस्पताल में भर्ती हैं। हार्दिक ने मां पर भी चाकू से 6 वार किए थे। लेकिन नीलिमा की किस्मत अच्छी थी कि वो बच गईं। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है। एक ही झटके में नीलिमा की पूरी दुनिया उजड़ चुकी है। बेटी की मौत हो चुकी है और बेटा जेल जा चुका है। नीलिमा अस्पताल के बिस्तर पर रह रहकर सिसकने लगती हैं। हिमशिखा और हार्दिक, दोनों उनके जुड़वा बच्चे थे। दोनों भाई-बहन में अच्छा प्रेम था, लेकिन जब से हार्दिक इंस्टाग्राम पर लड़की के चक्कर में पड़ा था, तब से उसने अपना करियर बर्बाद कर लिया और अब तो पूरा घर ही उजाड़ दिया। साइको जैसे बिहेव कर रहा, बोला- मां अकेली परेशान होती इसलिए सोचा मार दूं
SP सिटी रण विजय सिंह बताते हैं- हार्दिक की गिरफ्तारी के बाद उससे कई चरणों में पूछताछ करके हत्या का कारण समझने की कोशिश की गई। लेकिन उसकी हरकतें साइको किलर जैसी नजर आईं। हार्दिक से पूछा गया कि तुमने बहन को क्यों मारा तो बोला, वो मेरी पर्सनल लाइफ को कंट्रोल करना चाहती थी। मुझे बार-बार लड़की का चक्कर छोड़कर करियर पर फोकस करने की सलाह देती थी। मैंने उसे कई बार समझाया कि वो मुझे मेरे हाल पर छोड़ दे, लेकिन वो मानती ही नहीं थी। बार-बार कहती थी कि तू एक लड़की के चक्कर में क्या से क्या हो गया है। जॉब तक छोड़ दी है और सिर्फ हर टाइम उसी के चक्कर में पड़ा रहता है। हार्दिक बोला- मैं बहन की सलाहों और तानों से आजिज आ चुका था इसलिए उसे मार डाला। जब उससे पूछा गया कि तुमने अपनी मां को क्यों मारना चाहा? इस सवाल पर हार्दिक का कहना था- मैंने सोचा था कि बहन को मारकर मैं तो जेल चला जाऊंगा। मां अकेली घर रह जाएगी। ऐसे में वो परेशान होगी। इसलिए मैंने सोचा कि मां को भी मार देता हूं। पोस्टमार्टम में हिमशिखा के शरीर पर मिले 84 जख्म
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इंजीनियर हिमशिखा के शरीर पर कुल 84 जख्मी मिले हैं। उसके हार्ट, लीवर, किडनी और पसलियां सब छलनी हो चुके थे। उसकी गर्दन पर भी चाकू के 4 वार मिले हैं। यहां तक कि उसके हाथ-पैर, कंधा और चेहरे तक पर चाकू के घाव मिले हैं। हार्दिक ने अपनी सगी और जुड़वा बहन हिमशिखा को इस कदर बेरहमी और नृशसंता से कत्ल किया था कि पोस्टमॉर्टम करने वाली टीम भी हैरान थी। पूरे पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मामा ने किया हिमशिखा का अंतिम संस्कार
पोस्टमॉर्टम के बाद हिमशिखा की डेडबॉडी का अंतिम संस्कार उसके मामा दीपू ने किया। पुलिस ने बदायूं सूचना भिजवाकर रिश्तेदारों को बुलवाया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की वजह से वो अपनी बेटी के अंतिम दर्शन भी नहीं कर सकीं। जबकि भाई जेल जा चुका है। बहन का कत्ल कर मां से बोला- आपको सरप्राइज देना है घर चलो
शुक्रवार को हार्दिक ने अपनी सगी बहन हिमशिखा की घर के भीतर ही नृशसंता से हत्या की। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर बेड पर डाल दिया। बहन को बेरहमी से कत्ल करने के बाद हार्दिक अपनी मां को बुलाने उनके दफ्तर पहुंचा। नीलिमा मुरादाबाद में ही दिल्ली रोड पर बीमा कंपनी के दफ्तर में काम करती हैं। ऑफिस जाकर हार्दिक मां से बोला- मम्मी घर चलो, आपको एक सरप्राइज देना है। वो कार से मां को लेकर घर पहुंचा। मां ने जैसे ही घर का गेट खोलकर देखा तो पूरे घर में खून फैला हुआ था। कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ बेटी हिमशिखा की डेडबॉडी थी। इस पर उनकी चीख निकल गई। लेकिन इससे पहले कि नीलिमा संभल पातीं, बेटे हार्दिक ने उन पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गुड़गांव में रहते थे दोनों भाई-बहन, भाई ने छोड़ दी थी नौकरी
हिमशिखा (26 साल) और हार्दिक, दोनों ही जुड़वा भाई-बहन थे। दोनों इंजीनियरिंग करने के बाद गुड़गांव की आईटी कंपनी में काम करते थे। हिमशिखा जॉब के साथ-साथ एमबीए भी कर रही थी। जबकि हार्दिक भी डेढ़ साल पहले तक एक कंपनी में काम करता था। इंस्टाग्राम पर गुड़गांव की लड़की से इश्क होने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी और यू-ट्यूब पर कंटेंट अपलोड करने लगा था। बदायूं से आकर मुरादाबाद में बसी थीं नीलिमा
पुलिस के मुताबिक, नीलिमा मूल रूप से बदायूं के जोगीपुरा की रहने वाली हैं। करीब 30 साल पहले वह और उनके पति मुरादाबाद में आकर बस गए थे। करीब 10 साल पहले पति से उनका अलगाव हो गया था। जिसके बाद वह बुद्धि विहार में किराए के घर में रहने लगी थीं। बच्चों को पढ़ा लिखाकर उन्होंने नौकरी के लायक बनाया। वह खुद भी एक प्राइवेट बीमा कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर हैं। ———————– ये खबर भी पढ़िए- मेरठ में पत्नी की हत्याकर पति ने दी जान: पानी के प्लांट में ऑपरेटर था, बेटा बोला- पापा-मम्मी में झगड़ा होता था मेरठ में शनिवार शाम पति-पत्नी के शव पानी के ट्रीटमेंट प्लांट में एक कमरे में मिले। पति का फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी का लाश बेड पर पड़ी थी। पत्नी की गला दबाकर हत्या की गई है। उसकी जबान बाहर निकली हुई थी। साथी कर्मचारी जब प्लांट पर पहुंचा, तब घटना का पता चला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बेटे ने कहा- पापा-मम्मी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। घटना पल्लवपुरम थाना क्षेत्र स्थित मोदीपुरम फेस-वन की है। पढ़ें पूरी खबर…