सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव शामड़ी में जमीन विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। खेत की डोल से पेड़ काटने को लेकर हुए झगड़े में एक भाई ने अपनी ही बहन की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 58 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतोष और उसके भाई रोहताश के खेत आपस में सटे हुए हैं। सोमवार को रोहताश खेत की डोल से पेड़ काट रहा था, जिसका संतोष ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों में पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि रोहताश ने संतोष पर डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। उसके हाथ-पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। अस्पताल में घायल की मौत ग्रामीणों की सूचना पर संतोष को भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के दूसरे भाई दिलबाग ने घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मंगलवार शाम को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हेमरेजिक शॉक बताया गया है, जो शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण हुआ। रिपोर्ट और डॉक्टरों की राय के आधार पर पुलिस ने आरोपी भाई रोहताश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मुंडलाना चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पेड़ काटने के विरोध में डंडों से मारपीट की गई थी और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार संतोष अविवाहित थी और गांव में अकेली रहती थी। उसके नाम कृषि भूमि भी है। जमीन और खेत की डोल को लेकर विवाद को ही वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
सोनीपत में जमीन विवाद में बहन की हत्या:भाई ने डंडों से पीट-पीटकर मारा, केस दर्ज; पुलिस जांच में जुटी
