सिरसा में डायग्नोस्टिक सेंटर संचालक रेडियोलॉजिस्ट की पत्नी रितु की मौत मामले में नया मोड़ आया है। इसे लेकर अब मृतका के परिजनों ने परिजनों ने सिटी थाना पुलिस को फिर से स्टेटमेंट दर्ज करवाई है, जिसमें हत्या का आरोप लगाया है। मृतका रितु के परिजनों ने मीडिया को दिए बयान में आरोप लगाए कि रितु के गले पर कट के निशान मिले हैं और शक है कि उसकी हत्या की गई है और बाद में उसे फंदे पर लटकाया गया है। मृतका की मां सुमन और भाई आशीष ने ये भी आरोप लगाया कि उसका पति डॉ. मोहित उसे मनोरोग की दवाएं देता था और कुछ दिनों से उसका फोन भी छीन लिया था। रितु को की-पेड का सिंपल मोबाइल दिया हुआ था और उसे घरवालों से बात करने नहीं देता था। एक माह से उनकी रितु से कोई बात नहीं हो पाई। घटना वाले दिन उसकी मौत की सूचना भी उसके जेठ ने दी, उन्हें शक है कि रितु की हत्या की है। उसकी निष्पक्ष जांच की जाए। परिजनों ने पुलिस जांच पर भी सवाल उठाए और कहा कि रितु की मौत को 10 दिन बीत गए, पर पुलिस ने जांच को आगे नहीं बढ़ाया और न ही किसी की गिरफ्तारी की। रितु के ससुराल वालों ने तीन दिन में ही रस्म क्रिया पूरी कर दी और उनको बताया तक नहीं। वे पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं है। इसलिए दोबारा पुलिस के पास पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई है। रितु के गले पर निशान की कुछ तस्वीरें भी शेयर की है। वहीं, पुलिस और रेडियोलॉजिस्ट का कहना है कि जांच चल रही है। पुलिस बोली-स्टेटमेंट दर्ज कर ली है वहीं, सिटी थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में जांच कर रहे हैं। मृतका रितु के परिजनों ने अब और स्टेटमेंट दर्ज करवाई है। पहले से पुलिस ने मामले में रेडियोलॉजिस्ट के खिलाफ परिजनों के बयान पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और जांच जारी है। रेडियोलॉजिस्ट बोले, पुलिस जांच कर रही इस बारे में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मोहित महिपाल से संपर्क किया तो उनका कहना है कि ऐसा कुछ नहीं है। वैसे भी ये केस पुलिस के पास है और वो पुलिस अपनी जांच कर रही है। इस बारे में वह अपनी लीगल राय लेंगे, इसके बाद बताते हैं। घटना के 10 दिन बाद सिरसा थाने में पहुंचे पंचायत के साथ परिजन इस घटना के 10 दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर मृतका रितु के परिजन रोहतक से सिरसा पहुंचे। इस दौरान परिजन सिटी थाना पुलिस से मिले और न्याय की गुहार लगाई। परिजन बोले, पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं तो आगामी फैसला लेंगे। सोनीपत से आंवली ग्राम पंचायत से सरपंच राज सिंह और अन्य लोग आए हुए थे। रितु ने मोहित के साथ लव मैरिज की थी, जिस पर वह भी मान गए थे। जब रितू मायके में आती थी तो उनको कहती थी कि मोहित शादी के बाद बदल गया है। सिलसिलेवार जानिएं पूरा मामला : एमबीबीएस के दौरान रितु के घर रहा था मोहित सिरसा निवासी मोहित महिपाल रोहतक पीजीआई से एमबीबीएसस की पढाई के दौरान रितु के रोहतक की भरत कॉलोनी स्थित घर पर रहा था। उसी दौरान दोनों में संपर्क हुआ और बातचीत होने लगी। साल 2010 में दोनों ने लव-मैरिज कर ली और बाद में सिरसा रहने लगी। जनवरी 2012 में रितु ने बेटे आर्यमन को जन्म दिया और अगस्त 2015 में बेटी को जन्म दिया। दोनों बच्चे सेंट जेवियर स्कूल में पढ़ते हैं। सिरसा की भादरा बाजार वार्ड नंबर 17 में सांखुवाली गली स्थित मोहित महिपाल के घर पर रितु का शव शनिवार शाम को फंदे पर लटका मिला था। तब मृतका रितु के पिता रोहतक के भारत नगर निवासी धर्मबीर ने बयान दर्ज कराए थे और आरोप लगाया था कि रितु को उसके ससुराल वाले उनसे (मायके में) बात नहीं करने देते थे। वह मानसिक रूप से परेशान करने लगी थी। ऐसे में उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने पति मोहित के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया। मां सुमन बोली-शादी के बाद अलग रहा, लॉक करके जाता था बाहर रितु की मां रोहतक के भरत कॉलोनी निवासी सुमन मलिक ने बताया कि मोहित महिपाल एमबीबीएसस की पढाई के दौरान उनके घर पर करीब ढाई साल तक किराए पर रहा था। तब रितु 11वीं में पढ़ती थी। बाद में वह मकान बदलकर दूसरी जगह रहने लगा और शादी के बाद एक साल तक रोहतक में उनसे दूर रहा। रितू कहती थी कि उसी से शादी करेगी। वह भी बेटी की खुशी के लिए मान गए। रितु के नौकरी से मना कर दिया था। जब भी रितु से बात होती थी तो कहती, मां मोहित शादी के बाद बदल गया है। एमडी की पढाई के दौरान भी रोहतक में मोहित उनसे कुछ दूरी पर किराए के मकान में रहा। जब घर से जाता था तो बाहर का गेट लॉक करके जाता था। एक दिन वह रितु से मिलने गए तो लॉक लगा था। शाम को मोहित आया तो गेट खोला। तब घर के अंदर जाकर देखा तो रिुतु अकेली ही थी और उसका रो-रोककर बुरा हाल था। मां सुमन बोली, रितु कभी 6 माह तो कभी 9-10 माह में घर मायके आती थी। कुछ साल ठीक बीत गए। बीतें दो से तीन सालों से दिक्कत थी। रितु मानसिक परेशान रहने लगी थी और कहती थी कि मोहित उसे दवा की ओवरडोज देता है। वह अपनी ही धुन में रहती थी। वरना पहले रितु मोहित के साथ डायग्नोस्टिक सेंटर को संभालती थी। वह फोन पर बताती थी कि सेंटर पर 22 स्टाफ रखा है, उनकी सैलरी देने, कैश जमा कराने और पेड एवं लिफाफे बनाने का सारा काम संभालती थी। अचानक दो से तीन सालों से उसका इलाज करवा रहा था और मनोविज्ञान से दवा ले आता और उसे दे देता। वह कहती थी कि ताकत वाली दवा है। तब से वह कहीं भी कम ही आती जाती थी। मोहित उसे बर्थ-डे के दिन एप्पल के फोन गिफ्ट में देता और बाद में वापस ले लेता। काफी समय से उसे की-पेड फोन दिया हुआ था। मां सुमन बोली, बर्थ-डे वाले दिन किया था विश, उसी दिन अंतिम बात हुई रितु की मां सुमन बोली, 16 अक्टूबर को मेरा खुद का जन्मदिन था, उससे पहले रात्रि को रितु ने विस किया था। उसके अगले दिन बच्चों की पीटीएम थी तो शाम करीब 7 बजे उसे फोन किया और कुछ देर के लिए बात की। वो अंतिम बार बात हुई थी। इसके बाद 6 दिसंबर की शाम को उनके पास रितु के जेठ मनीष का फोन आया कि रितु ने हैंग कर लिया है। इतना सुनते ही वह दंग रह गए। पंचायत के साथ 7 दिसंबर को सिरसा पहुंचे। तब तक उसका शव मोर्चरी में रखा हुआ था। उनको कुछ समझ नहीं आया। भाई आशीष बोला-मोहित ने डाला था तलाक केस, जिसमें राजीनामा हो गया रितु के भाई आशीष मलिक ने बताया, मोहित ने साल 2023 में कोर्ट में तलाक का केस डाला था, जिसमें दोनों का राजीनामा हो गया। इसके चलते वह कई दिन मायके में रही। वह बच्चों से मिलने के लिए सिरसा आ जाती थी। एक दिन वह होटल में भी रही और उसे कोई मिलने नहीं आया। वह स्वयं से रोहतक ले गए थे। उस वक्त मोहित ने उसे मना लिया। अगर तलाक हो जाता तो यह नौबत नहीं आती। भाई आशीष ने आरोप लगाया कि वह मौके पर घर गया था और सीन ऑफ क्राइम टीम के अनुसार, बेड पर सोफा लगा था, जिस पर स्टूल रखकर उसने फंदा लगाया। ऐसा संभव नहीं। वह बहुत ही लचीला था। रितु के गले पर कट की तरह निशान मिले हैं। आरोप लगाया कि जनवरी 2025 में भी रितु ने गले पर निशान के फोटो भेजे थे और कहा था मोहित ने किया है।
सिरसा रेडियोलॉजिस्ट की BMC पत्नी मौत केस में नया मोड़:रोहतक वासी परिजन बोले-गले पर निशान, मारकर फंदे पर लटकाया, स्टेटमेंट दर्ज-न्याय मांगा
