फतेहाबाद में पेड़ से टकराई सिरसा DDPO की बोलेरो:अनियंत्रित होकर खेतों में पलटी; ड्राइवर की मौत, अधिकारी नहीं थे मौजूद

Spread the love

फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र में सिरसा के डीडीपीओ की सरकारी बोलेरो गाड़ी खेतों में पलट गई। इससे बोलेरो में सवार ड्राइवर की मौत हो गई। घटना के समय बोलेरो में अकेला ड्राइवर ही था। सूचना पाकर भूना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, सिरसा के जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) बलजीत सिंह चहल चंडीगढ़ मुख्यालय में आयोजित मीटिंग में भाग लेने के लिए गए थे। उनके साथ ड्राइवर हरबंस सिंह (50) भी था। हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र में स्थित सुरेवाला चौक पर डीडीपीओ बलजीत चहल उतर गए। वह हिसार रहते हैं, इसलिए आगे बस से चले गए। भूना से फतेहाबाद जा रहा था ड्राइवर हरबंस सिंह डीडीपीओ छोड़ने के बाद सिरसा जाने के लिए भूना की ओर से फतेहाबाद की तरफ जा रहा था। इसी दौरान फतेहाबाद रोड पर स्थित एक होटल के पास अनियंत्रित होकर गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इसके बाद सीधे सड़क किनारे खेत में पलट गई। इससे गाड़ी में सवार ड्राइवर हरबंस सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हरियाणा रोडवेज से लिया हुआ था ड्राइवर बताया जा रहा है कि डीडीपीओ कार्यालय की ओर से हरियाणा रोडवेज से ड्राइवर हरबंस सिंह को हायर किया हुआ था। वह काफी समय से डीडीपीओ की गाड़ी पर तैनात था। पुलिस से सूचना मिलने के बाद ड्राइवर के परिजन और डीडीपीओ बलजीत चहल भूना पहुंचे। कल करवाया जाएगा पोस्टमॉर्टम भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। मृतक की पहचान हरबंस सिंह के रूप में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। कल शनिवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।