SIR में ‘फातिमा’ के घर में ‘राधा’ रह रहीं:अखिलेश बोले- वोटर लिस्ट तो सेक्युलर बनाया; गोमती के बराबर BJP गंदी

Spread the love

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नोएडा में साफ्टवेयर इंजीनियर युवराज की मौत के लिए योगी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा-इंजीनियर की जान जाने के जिम्मेदार मुख्यमंत्री हैं। तंज कसा कि डीएम को हटा दोगे तो वोटर लिस्ट ठीक नहीं हो पाएगी। पुलिस के अधिकारी को तो हटाना चाहिए था जिसकी वजह से जान गई है। लेकिन लड़के के खिलाफ ही बोलने लगे। बीजेपी का ये चरित्र बहुत खराब है। गोमती जितनी गंदी है उतनी बीजेपी गंदी है। KGMU के मजारों को तोड़े जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि केजीएमयू की पूरी बिल्डिंग को गिरा देनी चाहिए क्योंकि उसे क्रिश्चियन ने बनाया था। उन्होंने वोटर लिस्ट पढ़ते हुए कहा-देखिए भगवान दास के घर में मोहम्मद अफजल का नाम। ‘फातिमा’ के घर में ‘राधा’ रह रहीं। कहा-कम से कम वोटरलिस्ट तो ये लोग सेक्युलर बना दे रहे। लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस के पहले सपा मुख्यालय पर भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई गई। पढ़िए अखिलेश यादव के प्रेस कांफ्रेंस की प्रमुख बातें… 1-डॉयल 100 को बर्बाद कर दिया अखिलेश यादव ने कहा- बीजेपी सरकार ने डॉयल 100 को बर्बाद कर दिया इसलिए नोएडा में इंजिनियर की जान गई। डॉयल 100 रिस्पांस सिस्टम बेहतर करने के लिए बनाया था। सबको एक एसओपी बनाकर दिया। 2- गर्व है शंकराचार्य डटे हुए हैं… अखिलेश ने प्रयागराज और शंकराचार्य विवाद पर कहा-हमें खुशी है इस बात की कि शंकराचार्य डटे हुए हैं। एक एक सनातनी उनके साथ है। और उन्होंने कम से कम नकली सनातनों की पोल खोल दी। हमारा उनसे सीधा संपर्क है। उन्होंने कहा कि मैंने आजतक जाति नहीं देखी। किसी भी बीजेपी नेता के घर से पहली रोटी गाय को नहीं जाती है। हमारे यहां तो पहली रोटी गाय को जाती है। 3- सेंसेस में यह भी बताएं कोविड वैक्सीन से कितने मरे सपा प्रमुख ने कहा- सेंसेस में ये भी बताया जाए कि कोविड वैक्सीन से कितने लोगों की मौत हुई? ये प्वाइंट आना चाहिए। कैंसर, हार्ट अटैक के मामले क्यों बढ़े हैं। वैक्सीन लगने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। सरकार को बदनामी से नहीं डरना चाहिए। 4- केजीएमयू को भी तोड़ देना चाहिए केजीएमयू में मजारों को तोड़े जाने के फैसले को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि केजीएमयू में मजारों के साथ ही उसकी बिल्डिंग भी तोड़ देनी चाहिए क्योंकि उसे भी क्रिश्चियन ने बनवाया है। 5- मुख्यमंत्री किसी को काम नहीं करने दे रहे अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी किसी को काम नहीं करने दे रहे हैं। हर मंत्री परेशान है। बिजली विभाग बर्बाद हो गया है। हम लोग फायदा में लाए थे लेकिन उसे बर्बाद कर दिया गया। 6-पीडीए सरकार बनाकर न्याय की सरकार स्थापित करेंगे उन्होंने कहा- भारत रत्न जननायक कर्पुरी ठाकुर के जन्मदिन के मौके पर आज हम लोग बैठे। सबने मिलकर संकल्प लिया कि उन्होंने जो रास्ता दिखाया, साधारण परिवार से निकल कर सबसे महत्वपूर्ण स्थान पर पहुंचे, पीड़ित शोषित लोगों को न्याय दिलाया। बाबा साहेब के सिद्धांतों को जन जन तक पहुंचाने का काम किया। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में पीडीए की सरकार बनाकर न्याय की सरकार स्थापित करें। 7- बीजेपी और सरकार वोट कटवाने की धमकी दे रही अखिलेश यादव ने कहा- चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है। सरकार अपनी मनमर्जी से काम करा रही है। सरकार के लोग और बीजेपी क्या कह रही। कह रहे हम वोट कटवा देंगे आपके। चार करोड़ हमारे वोट कट गए, हम 20 हजार बढ़वा देंगे, हर बूथ पर इतने वोट बढ़वा लेंगे। सोचिए ऐसी स्थिति में इलेक्शन कमीशन पर कौन भरोसा करेगा। बाई इलेक्शन में लूट हुई थी। बूथ लूटा गया था। सीसीटीवी के फुटेज हैं। उसके बाद चुनाव आयोग ने फैसला किया कि कोई भी सीसाीटीवी फुटेज नहीं दी जाएगी। क्योंकि पुलिस कर्मियों ने कपड़े बदलकर वोट डाला था। 8- भगवानदास के घर में मोहम्मद अफजल.. एसआईआर की खामियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि वोटर का काम जोकि टेक्निकल है यह सब आउटसोर्स हुआ है। और जिसको आउससोर्स हुआ होगा वह बीजेपी की कंपनी होगी। मान लीजिए इनको वोटर लिस्ट छपवानी है तो ये तो कहेंगे हम टेंडर निकालते हैं। इलेक्शन कमीशन के पास थोड़ी होती है प्रिंटिंग मशीन। आपने उसे दी प्रिंटिंग के लिए पीडीएफ और उसने हेराफेरी कर दी तब? कुछ भी हो सकता है। उन्होंने वोटर लिस्ट पढ़ते हुए कहा-देखिए भगवान दास के घर में मोहम्मद अफजल का नाम। ‘फातिमा’ के घर में ‘राधा’ रह रहीं। कहा-कम से कम वोटरलिस्ट तो ये लोग सेक्युलर बना दे रहे। इटावा में यादव को पाठक बना दिया।