शहीद स्क्वॉड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ के घर पर सन्नाटा:गुरुग्राम में दादा-दादी से छिपाई शहादत; शादी की तैयारी में लगा था परिवार

Spread the love

असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में क्रैश हुए भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान सुखोई-30 MKI में शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ गुरुग्राम के रहने वाले थे। अनुज की जल्द ही शादी होने वाली थी और परिवार इसकी तैयारी में लगा था। गुरुग्राम घर में दादा-दादी और मां है। फिलहाल दादा-दादी को पोते की शहादत के बारे में कुछ भी नहीं बताया गया है। अनुज वशिष्ठ का घर गुरुग्राम में सेक्टर सेक्टर 22B में है। शुक्रवार को यहां सन्नाटा पसरा रहा। घर पर उसकी मां, दादा-दादी और पिताजी रहते हैं। पिताजी आनंद कुमार अभी डेड बॉडी लेने के लिए असम गए हुए हैं। घर के बाहर मौजूद उसके कुछ रिश्तेदारों ने बताया कि अभी उसके दादा-दादी को अनुज की मौत के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। इसको देखते हुए ही परिवार मीडिया से दूरी बनाए हुए है। शहीद अनुज वशिष्ठ के रिश्तेदार और हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर चंद्रप्रकाश ने बताया कि परिवार में खुशी का माहौल था। अनुज की जल्द ही शादी होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर से बारात निकलनी थी, वहां अब शहादत की खबर पहुंची है। पिता सेना में रहे हैं सूबेदार अनुज का परिवार देश सेवा से जुड़ा रहा है। पिता आनंद कुमार सूबेदार पद से रिटायर हैं। अनुज ने भी नीली वर्दी पहनकर आसमान की सुरक्षा का जिम्मा संभाला था। 10 वर्षों के अपने करियर में अनुज ने कई महत्वपूर्ण मिशनों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। दो पॉइंट में जानिए कैसे हुआ हादसा… 1. जोराहट से भरी थी आखिरी उड़ान: भारतीय वायुसेना के मुताबिक, Su-30 MKI लड़ाकू विमान ने असम के जोराहट एयरबेस से नियमित प्रशिक्षण उड़ान भरी थी। इसमें स्क्वॉड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर सवार थे। उड़ान के कुछ समय बाद ही शाम करीब 7 बजकर 42 मिनट पर विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया और विमान रडार से गायब हो गया। 2. सर्च ऑपरेशन में मिला मलबा: विमान के लापता होने के तुरंत बाद वायुसेना ने बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तलाश के दौरान पता चला कि विमान जोराहट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग के घने जंगलों में क्रैश हो गया है। वायुसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी साझा कर दोनों अधिकारियों स्क्वॉड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुर्वेश दुरगकर के शहीद होने की पुष्टि की।