फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र की जवाहर कॉलोनी में परचून की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार से रंगदारी मांगने और लूटपाट का मामला सामने आया है। दुकानदार ने इलाके के कुछ युवकों पर तलवार के बल पर हर महीने 10 हजार रुपए देने की मांग करने और गल्ले से कैश छीनकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जवाहर कॉलोनी निवासी कर्ण ने सारन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इलाके में परचून की दुकान चलाते हैं। रविवार शाम करीब 5 बजे वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक उनकी दुकान पर आए। कर्ण के अनुसार इनमें से दो युवकों की पहचान गुरमीत और दीपांशु के रूप में हुई है। पीड़ित बोला- तलवार निकालकर गले पर रखी कर्ण का आरोप है कि जैसे ही युवक दुकान पर पहुंचे तो गुरमीत ने तलवार निकालकर उसके गले पर रख दी और हर महीने 10 हजार रुपए रंगदारी देने की मांग करने लगा। जब दुकानदार ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। 7 हजार रुपए जबरन गल्ले से निकालने का आरोप दुकानदार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने दुकान के अंदर गल्ले में रखे करीब 7 हजार रुपए जबरन निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद कर्ण ने सारन थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी बोले- आपसी रंजिश का मामला सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है, हालांकि अभी तक कोई भी पक्ष थाने नहीं पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा भी प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदार को तलवार दिखाकर 10 हजार की रंगदारी मांगी:फरीदाबाद में गल्ले से कैश छीनकर भागे बदमाश, पुलिस बोली-रंजिश का मामला
