रेवाड़ी के गुड़ बाजार में सोमवार सुबह अज्ञात चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर पांच लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि चोरों ने वारदात को सुबह करीब 5:14 बजे अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक बाइक पर सवार होकर दुकान के बाहर आते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दुकान का ताला और शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी लेकर फरार हो गए। विवाह शादियों के लिए बनाते हैं नोटों की माला गुड़ बाजार में यह दुकान रेवाड़ी निवासी ऋषभ जैन और शिखर चंद जैन की है। दोनों भाई विवाह और अन्य समारोहों के लिए नोटों की माला बनाने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि दुकान में माला बनाने के लिए पांच लाख रुपये के नए नोटों की गड्डियां रखी हुई थीं। चोर ताला तोड़कर दुकान में घुसे और नकदी लेकर फरार हो गए। पहले भी हो चुकी है चोरी की वारदात गुड़ बाजार में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले एक कपड़े की दुकान में चोरी हुई थी, जिसमें गुरुग्राम से आई चार महिलाओं ने कपड़ा खरीदने के बहाने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दुकानदारों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। अब एक और दुकान में चोरी की घटना से बाजार के व्यापारियों में चोरों का खौफ देखने को मिल रहा है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
रेवाड़ी में दुकान से 5 लाख रुपए चोरी:नोटों की मालाएं बनाता है दुकानदार; सुबह सवा 5 बजे बाइक पर आए 3 युवक
